हरदोई: आटा पिसाकर लौट रहे किसान को बदमाशों ने मारी गोली, एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

Jun 22, 2026 - 06:39
Jun 22, 2026 - 13:39
 0  1
हरदोई: आटा पिसाकर लौट रहे किसान को बदमाशों ने मारी गोली, एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

हरदोई, अचल वार्ता। थाना बेनीगंज क्षेत्र के ग्राम घरौली में रविवार शाम एक किसान को गोली मारने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घायल की पहचान पलविंदर सिंह (55) पुत्र लखवीर सिंह के रूप में हुई है। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।

जानकारी के अनुसार 21 जून की शाम करीब 8 बजे पलविंदर सिंह पास के गांव अटवा मुठिया स्थित आटा चक्की से आटा पिसवाकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जब वह अपने झाले के पास पहुंचे, तभी मोटरसाइकिल सवार कुछ अज्ञात बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके सीने के दाहिने हिस्से में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल हरदोई रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हरदोई अशोक कुमार मीणा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को निष्पक्ष एवं न्यायोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है तथा हमलावरों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले के शीघ्र खुलासे का दावा कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0