हरदोई: नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, केंद्रों पर लगेंगे जैमर और सीसीटीवी कैमरा
हरदोई, अचल वार्ता। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा 2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी अनुनय झा ने पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के साथ स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। परीक्षा केंद्रों पर नकल और अनुचित साधनों के प्रयोग को रोकने के लिए जैमर एवं सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, पंखे, फर्स्ट एड तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। क्लॉक रूम में जमा किए जाने वाले बैगों की तलाशी लेने तथा परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में स्थित इलेक्ट्रॉनिक दुकानों और साइबर कैफे को परीक्षा अवधि तक बंद रखने के निर्देश भी दिए गए।
अभ्यर्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए गए कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख स्थानों से परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास तथा प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल और यातायात कर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दीपाली भार्गव, सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और अनुशासन के साथ संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0