हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में मनाया गया 77वां संविधान दिवस, विद्यार्थियों को दिलाया नागरिक कर्त्तव्यों का महत्व
राई / सोनीपत, अचल वार्ता । हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई में 77वें संविधान दिवस के अवसर पर 'नागरिक कर्त्तव्य और भारतीय संविधान' विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. बी.आर. अंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, सोनीपत के कुलपति प्रो. देवेंद्र सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हरियाणा खेल विश्वविद्यालय एवं मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ 'तमसो मा ज्योतिर्गमय' के पावन श्लोक के उच्चारण के साथ दीप प्रज्वलन करके किया गया। इसके पश्चात विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री जसविंदर सिंह ने अपने मार्गदर्शक संबोधन में संविधान के आदर्शों एवं नागरिक कर्त्तव्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, खेल एवं अनुसंधान के साथ-साथ खेल कानून के क्षेत्र में भी नए आयाम स्थापित करने की दिशा में प्रयासरत है। इस संदर्भ में डॉ. बी.आर. अंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय एवं हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के मध्य प्रस्तावित समझौता ज्ञापन (MoU) के माध्यम से खेल कानून के क्षेत्र में अकादमिक सहयोग एवं अनुसंधान की नई संभावनाएं विकसित होंगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दोनों संस्थान मिलकर खेल कानून के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।मुख्य अतिथि प्रो. देवेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में नागरिक कर्त्तव्यों की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक यह संकल्प ले कि उसका प्रत्येक प्रयास देश की प्रगति में योगदान देगा, तो यह स्वयं में सबसे बड़ा नागरिक कर्त्तव्य है। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संविधान सभा में प्रारंभिक चर्चा के दौरान नागरिकों के कर्त्तव्यों को संविधान में सम्मिलित करने के स्थान पर मुख्य रूप से उनके अधिकारों को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी थी। हालांकि, समय के साथ यह अनुभव किया गया कि अधिकारों के साथ-साथ नागरिकों के कर्त्तव्यों को भी परिभाषित करना आवश्यक है।उन्होंने वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर की परिस्थितियों ने देश के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारियों और कर्त्तव्यों के महत्व को और अधिक स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति उसकी जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण तभी संभव है, जब नागरिक अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ अपने कर्त्तव्यों का भी ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करें। उन्होंने विद्यार्थियों को विशेष रूप से प्रेरित किया कि वे खेल भावना, अनुशासन, निष्पक्षता, आपसी सम्मान एवं सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करें।कार्यक्रम के समापन अवसर पर विश्वविद्यालय के डीन, शारीरिक शिक्षा एवं खेल प्रो. अशोक शर्मा ने मुख्य अतिथि को पौधा भेंट किया, जबकि डीन, अकादमिक मामले प्रो. योगेश चंदर ने स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आभार व्यक्त करते हुए सम्मानित किया।अंत में डॉ. जितेंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, विश्वविद्यालय प्रशासन, मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय के प्रतिनिधियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों, कर्मचारियों एवं सभी विद्यार्थियों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर डीन, अकादमिक मामले प्रो. योगेश चंदर, डीन, शारीरिक शिक्षा एवं खेल प्रो. अशोक शर्मा, डॉ. जितेंद्र कुमार, प्रो. आर.पी. गर्ग, परीक्षा नियंत्रक डॉ. संतोष कुमार दुबे, मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती दिनेश कुमारी सहित दोनों संस्थानों के समस्त शिक्षक, प्रशिक्षक, प्रशासनिक कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0