हरदोई में बिजली संकट पर भड़के सपा नेता रामज्ञान गुप्ता, भाजपा सरकार और बिजली विभाग पर लगाए गंभीर आरोप

Jul 14, 2026 - 11:54
Jul 27, 2026 - 07:46
 0  1
हरदोई में बिजली संकट पर भड़के सपा नेता रामज्ञान गुप्ता, भाजपा सरकार और बिजली विभाग पर लगाए गंभीर आरोप

हरदोई, अचल वार्ता। समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं नगर पालिका हरदोई के अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी रामज्ञान गुप्ता ने जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर भाजपा सरकार और बिजली विभाग पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हरदोई के सांडी चुंगी सर्कुलर रोड क्षेत्र में पिछले सप्ताह करीब 17 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई थी, जबकि 13 जुलाई 2026 की रात करीब 9 बजे से फिर बिजली गुल है और लंबे समय तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद कोई जिम्मेदार अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहा, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।

रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि जिले भर में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लगातार बिजली कटौती के कारण लोग भीषण गर्मी और उमस से परेशान हैं। पेयजल संकट गहरा गया है, लोग एक-एक बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि बच्चे मोमबत्ती की रोशनी में पढ़ाई करने को मजबूर हैं, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है।

सपा नेता ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग में मानकों के अनुरूप कार्य नहीं किया जा रहा है। उनके अनुसार विभाग द्वारा घटिया गुणवत्ता के तार और उपकरण लगाए जा रहे हैं, जिसके कारण बार-बार लोकल फॉल्ट और अन्य तकनीकी खराबियां सामने आती हैं। उन्होंने बिजली विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसकी कीमत आम जनता को भुगतनी पड़ रही है।

रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार के बिजली व्यवस्था सुधारने के सभी दावे खोखले साबित हुए हैं। यदि जल्द ही जिले की विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर भाजपा सरकार और बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0