फैजाबाद कचहरी में नवनिर्मित अधिवक्ता एवं न्यायपथ द्वार का लोकार्पण, मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली ने किया जनता को समर्पित

फैजाबाद कचहरी परिसर में नवनिर्मित अधिवक्ता एवं न्यायपथ द्वार का लोकार्पण उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने किया। इस दौरान मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण कर जनता को समर्पित किया गया।

Jan 18, 2026 - 23:35
Jan 25, 2026 - 22:04
 0  2
फैजाबाद कचहरी में नवनिर्मित अधिवक्ता एवं न्यायपथ द्वार का लोकार्पण, मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली ने किया जनता को समर्पित

अयोध्या (फैजाबाद), अचल वार्ता। उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने गुरुवार को फैजाबाद कचहरी परिसर में जिला पंचायत कार्यालय के समीप नवनिर्मित अधिवक्ता द्वार एवं न्यायपथ द्वार का विधिवत लोकार्पण किया। उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्माण को अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों और आम जनता को समर्पित किया।

लोकार्पण से पूर्व मुख्य न्यायाधीश ने नगर निगम द्वारा निर्मित मल्टीलेवल पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण किया तथा कचहरी परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें पार्किंग व्यवस्था, यातायात सुगमता और अधिवक्ताओं व न्यायालय से जुड़े अधिकारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।

गरिमामयी उपस्थिति में हुआ लोकार्पण

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान न्यायमूर्ति राजेश सिंह चौहान, प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति सौरभ लवानिया, जिला जज रणंजय कुमार वर्मा, महापौर अयोध्या महंत गिरीश पति त्रिपाठी, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार सहित कई वरिष्ठ न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

सर्किट हाउस में हुआ स्वागत, दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली का आगमन सर्किट हाउस, अयोध्या में हुआ, जहां उनका स्वागत न्यायमूर्ति राजेश सिंह चौहान, न्यायमूर्ति सौरभ लवानिया, मंडलायुक्त राजेश कुमार, आईजी प्रवीण कुमार, जिला जज रणंजय कुमार वर्मा, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।

पार्किंग समस्या से मिलेगी राहत

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि नवनिर्मित अधिवक्ता एवं न्यायपथ द्वार तथा मल्टीलेवल पार्किंग के उपयोग से रामपथ पर खड़े होने वाले वाहनों की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। दूरी कम होने से अब अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों, पुलिसकर्मियों और वादकारियों के लिए पार्किंग अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।

मुख्य न्यायाधीश ने द्वार से कचहरी तक जाने वाले मार्ग का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।

हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि में किया दर्शन-पूजन

लोकार्पण कार्यक्रम के पश्चात न्यायमूर्ति अरुण भंसाली हनुमानगढ़ी पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वे श्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे और प्रभु श्री रामलला का दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

यह लोकार्पण कार्यक्रम न्यायिक ढांचे के सुदृढ़ीकरण और कचहरी परिसर में सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

- ब्यूरो रिपोर्ट 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0