सोनीपत , अचल वार्ता । राजकीय प्राथमिक विद्यालय, मीमारपुर में पौधारोपण एवं छात्र संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र सिंह बड़खालसा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री विकास दहिया, गांव के सरपंच शादीन, पूर्व सरपंच कृष्ण सिंह, विद्यालय प्रशासन, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।
देश ने हमें बहुत कुछ दिया, अब देश को कुछ देने का संकल्प लें
कार्यक्रम के दौरान वीरेंद्र सिंह बड़खालसा ने बच्चों को देशभक्ति गीत “देश हमें देता है सब कुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें” के माध्यम से देश सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भारत भूमि और प्रकृति ने हमें जीवन की अनमोल सुविधाएं एवं संसाधन दिए हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयासों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान दे।
उन्होंने बच्चों से कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल बड़े कार्यों से नहीं, बल्कि दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली अच्छी आदतों और जिम्मेदारियों से भी होता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण, जल, स्वदेशी वस्तुओं और पारिवारिक मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझे तो विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी।
विकसित भारत के पांच संकल्पों को जीवन में उतारने का आह्वान वीरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से विकसित भारत के निर्माण के लिए पांच प्रमुख संकल्पों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
पहला संकल्प—पर्यावरण संरक्षण: अधिक से अधिक पौधे लगाएं और पौधों की देखभाल कर उन्हें पेड़ बनने तक सुरक्षित रखें।
दूसरा संकल्प—जल संरक्षण: पानी की प्रत्येक बूंद का महत्व समझें तथा पानी की बर्बादी रोकने के लिए स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ दूसरों को भी प्रेरित करें।
तीसरा संकल्प—सिंगल यूज प्लास्टिक का त्याग: एकल उपयोग वाली प्लास्टिक से दूरी बनाकर पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने में योगदान दें।
चौथा संकल्प—स्वदेशी अपनाएं: देश में तथा स्थानीय स्तर पर निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देकर स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों एवं अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करें।
पांचवां संकल्प—परिवार प्रबोधन: परिवार में संस्कार, नैतिक मूल्यों, अनुशासन, आपसी सम्मान एवं सद्भाव को मजबूत करें और बच्चों को अच्छे नागरिक बनने की प्रेरणा दें।
जात-पात से ऊपर उठकर सामाजिक एकता का संदेश
सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता पर जोर देते हुए वीरेंद्र सिंह ने हरियाणवी रागिनी की प्रसिद्ध पंक्ति “भूल के भी हम जात-पात की ना बात करें” का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत को मजबूत, समृद्ध और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए समाज को जाति-पाति और आपसी भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि हमारी सबसे बड़ी ताकत हमारी एकता और सामाजिक समरसता है।
पौधारोपण कर लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि वीरेंद्र सिंह बड़खालसा सहित भाजपा प्रदेश मंत्री विकास दहिया, सरपंच शादीन, पूर्व सरपंच कृष्ण सिंह, विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा विकसित भारत के पांचों संकल्पों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्र सेवा, सामाजिक समरसता और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।