लखीमपुर खीरी: दो सड़क हादसों में छात्र व चालक की मौत, डीएम-एसपी ने संभाली मोर्चा

Feb 23, 2026 - 13:21
Feb 23, 2026 - 18:29
 0  2
लखीमपुर खीरी: दो सड़क हादसों में छात्र व चालक की मौत, डीएम-एसपी ने संभाली मोर्चा

अचल वार्ता, लखीमपुर खीरी। थाना पढुवा क्षेत्र में सोमवार सुबह हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक छात्र और एक वाहन चालक की मृत्यु हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया।

जिला अस्पताल पहुंचकर संभाली व्यवस्था

दुर्गा शक्ति नागपाल (डीएम), डॉ. ख्याति गर्ग (एसपी) एवं डॉ. संतोष गुप्ता (सीएमओ) स्वयं जिला चिकित्सालय ओयल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने घायलों के परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

पहली दुर्घटना: परीक्षा देने जा रहे छात्र हादसे का शिकार

पहला हादसा तहसील धौरहरा अंतर्गत रमियाबेहड़ के पास हुआ, जब बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों की वैन की सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में 17 वर्षीय छात्र चंचल पुत्र विवान (निवासी बेलपुरवा) की मृत्यु हो गई, जबकि चार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।

दूसरी दुर्घटना: बसों की टक्कर में कई घायल

दूसरी घटना तहसील निघासन के ग्राम प्रसादीपूर्वा में हुई, जहां दो बसों की आमने-सामने टक्कर में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल ओयल भेजा गया।

16 घायल पहुंचे अस्पताल, तीन लखनऊ रेफर

सीएमएस के अनुसार दोनों हादसों में कुल 16 घायल जिला अस्पताल पहुंचे, जिनमें एक वाहन चालक की रास्ते में ही मृत्यु हो गई। 15 घायलों में से 12 का उपचार जिला अस्पताल में जारी है, जबकि तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए एएलएस एंबुलेंस से लखनऊ रेफर किया गया।

प्रशासन ने जताया शोक

डीएम ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराया जाए। उप जिलाधिकारी धौरहरा एवं एसडीएम निघासन ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी की।
प्रशासन द्वारा दोनों दुर्घटनाओं के संबंध में आवश्यक विधिक एवं अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0