हरदोई: इफको किसान सेवा केंद्र ने किसानों को सिखाए जैविक खेती के गुर
हरदोई अचल वार्ता । शाहाबाद के ग्राम गहोरा में इफको किसान सेवा केंद्र की ओर से किसान सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत उर्वरकों तथा जैविक खेती के प्रति जागरूक करना था। सभा में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर कृषि विशेषज्ञों से खेती से जुड़ी विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इफको किसान सेवा केंद्र के प्रभारी अमित कुमार झा ने किसानों को नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, नैनो जिंक, सागरिका तरल एवं विभिन्न जैव उर्वरकों के उपयोग और उनके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किसानों को रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग के साथ-साथ जैविक खेती को भी अपनाना चाहिए। इससे जहां भूमि की उर्वरा शक्ति लंबे समय तक सुरक्षित रहती है, वहीं उत्पादन की गुणवत्ता में भी सुधार होता है। उन्होंने बताया कि जैविक खेती पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध हो सकती है।
इस दौरान इफको एमसी के विक्रय अधिकारी आलोक मिश्रा एवं शिवम शुक्ला ने किसानों को फसलों में लगने वाले विभिन्न रोगों एवं कीटों की पहचान तथा उनके प्रभावी नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय रहते रोग एवं कीट प्रबंधन अपनाने से फसलों को नुकसान से बचाया जा सकता है और उत्पादन में वृद्धि सुनिश्चित की जा सकती है।
किसान सभा में उपस्थित किसानों ने कृषि विशेषज्ञों से अपनी समस्याएं साझा कीं तथा उन्नत कृषि तकनीकों, उर्वरक प्रबंधन और फसल सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की। विशेषज्ञों ने किसानों के प्रश्नों का समाधान करते हुए आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम के अंत में किसानों को खेती को अधिक लाभकारी और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों तथा जैविक उपायों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। किसानों ने भी ऐसी उपयोगी किसान सभाओं के आयोजन की सराहना करते हुए इसे खेती के लिए लाभदायक बताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0