अम्बेडकर नगर: यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर डीएम सख्त, नकल पर होगी कड़ी कार्रवाई
अंबेडकरनगर में यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होगी। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, सीसीटीवी और नकलविहीन परीक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए।
- यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्रों की सुरक्षा सर्वोपरि–जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला
अंबेडकरनगर, अचल वार्ता। जनपद में 18 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला ने सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज, अकबरपुर के सभागार में केंद्र व्यवस्थापकों एवं परीक्षा से जुड़े अधिकारियों के साथ तैयारी बैठक की।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
सीसीटीवी, तलाशी और प्रश्नपत्र सुरक्षा पर विशेष जोर
डीएम अनुपम शुक्ला ने कहा कि सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे पूर्ण रूप से क्रियाशील रहें। साथ ही परीक्षार्थियों को सघन तलाशी के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी केंद्र व्यवस्थापकों की होगी और वितरण से लेकर परीक्षा संपन्न होने तक हर चरण में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए।
नकल या गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी परीक्षा केंद्र से नकल या किसी प्रकार की गड़बड़ी की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित केंद्र व्यवस्थापक एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी ने जनपद में यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर चल रही तैयारियों की संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत की।
डीएम ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा अवधि के दौरान नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए।
परीक्षा की शुचिता सामूहिक जिम्मेदारी
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस की सामूहिक जिम्मेदारी है। छोटी-सी चूक भी बड़ी समस्या बन सकती है, इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।
उन्होंने भरोसा जताया कि प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस के बेहतर समन्वय से परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र कुमार, सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक, सचल दल के प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं सभी परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।
- अमित प्रजापति
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0