हरदोई : बिलग्राम तहसील के चर्चित मेड़बंदी आदेश का हुआ अनुपालन, डेढ़ वर्ष पुराने विवाद का हुआ निस्तारण

Jul 10, 2026 - 10:27
Jul 10, 2026 - 10:39
 0  16
हरदोई : बिलग्राम तहसील के चर्चित मेड़बंदी आदेश का हुआ अनुपालन, डेढ़ वर्ष पुराने विवाद का हुआ निस्तारण

हरदोई , अचल वार्ता । बिलग्राम तहसील के ग्राम श्यामपुर मल्लावां स्थित गाटा संख्या 75 से जुड़े भूमि विवाद का गुरुवार को निस्तारण हो गया। करीब डेढ़ वर्ष से लंबित न्यायालय के मेड़बंदी आदेश का उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बिलग्राम की मौजूदगी में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अनुपालन कराया। अधिकारियों के प्रयास से दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी और लंबे समय से चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया।यह प्रकरण दिवाकर मिश्रा पुत्र प्रेमचंद्र मिश्रा से संबंधित था। वादी का कहना था कि न्यायालय द्वारा मेड़बंदी का आदेश पारित किए जाने के बावजूद करीब डेढ़ वर्ष तक उसका पालन नहीं हो सका। उनका आरोप था कि विपक्षी पक्ष के विरोध के कारण आदेश का क्रियान्वयन लगातार टलता रहा, जिससे उन्हें मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा।गुरुवार को उपजिलाधिकारी बिलग्राम, तहसीलदार एवं राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की मौजूदगी में अभिलेखों और न्यायालय के आदेश के आधार पर मेड़बंदी की कार्रवाई कराई।कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान नक्शे में त्रुटि (सेट/शीट छोटी होने) के कारण पूरी भूमि का सीमांकन कर कब्जा दिलाना फिलहाल संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले नक्शा शुद्धिकरण कराया जाएगा, जिसके बाद दोबारा नाप कराकर शेष भूमि के संबंध में भी विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए कब्जा दिलाया जाएगा। फिलहाल नक्शे के अनुसार उपलब्ध भूमि का कब्जा लेने की सलाह दी गई।इस पर दिवाकर मिश्रा ने अधिकारियों की बात से सहमति जताते हुए कहा कि उन्हें फिलहाल उपलब्ध भूमि स्वीकार है तथा नक्शा शुद्धिकरण के बाद शेष भूमि के संबंध में आगे की कार्रवाई कराई जाएगी।कार्रवाई पूरी होने के बाद दिवाकर मिश्रा ने उपजिलाधिकारी बिलग्राम, तहसीलदार तथा राजस्व विभाग की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित मामले का समाधान होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे लंबित राजस्व मामलों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0