हरदोई : मत्स्य उत्पादन बढ़ाने को वर्ल्ड बैंक की संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण

Jul 9, 2026 - 18:18
Jul 9, 2026 - 18:21
 0  6
हरदोई : मत्स्य उत्पादन बढ़ाने को वर्ल्ड बैंक की संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण

हरदोई , अचल वार्ता । जनपद में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने तथा आधुनिक मत्स्य पालन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वर्ल्ड बैंक, भारत सरकार, एनएफडीपी और मत्स्य निदेशालय, लखनऊ की संयुक्त टीम ने गुरुवार को हरदोई का दौरा कर विभिन्न मत्स्य परियोजनाओं का निरीक्षण किया।

सहायक निदेशक मत्स्य डॉ. मुनीश कुमार ने बताया कि टीम ने सबसे पहले प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाई) के लाभार्थी अंकित विशाल के ग्राम लोनहारा (तहसील संडीला) स्थित वृहद री-सर्कुलेटिंग एक्वाकल्चर सिस्टम (आरएएस) यूनिट एवं कच्चे तालाबों का निरीक्षण किया। यहां पंगास और देशी मांगुर मछलियों के आधुनिक वैज्ञानिक पालन की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।

इसके बाद टीम ने हरदोई तहसील के ग्राम सुहासा स्थित हनीफ अली की मत्स्य हैचरी का निरीक्षण किया, जहां पंगास एवं इंडियन मेजर कार्प (आईएमसी) की ब्रीडिंग प्रक्रिया देखी गई। साथ ही प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना (पीएमएमकेएसएसवाई) के विभिन्न घटकों के अंतर्गत किए गए कार्यों का भी जायजा लिया गया।

निरीक्षण के क्रम में टीम ने विधायक श्याम प्रकाश वर्मा की मत्स्य हैचरी, फीड मिल एवं वृहद आरएएस यूनिट का भी अवलोकन किया और वहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं तथा तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।

भ्रमण के दौरान टीम ने जिले के लगभग 90 मत्स्य पालकों से संवाद किया। इस अवसर पर एनएफडीपी के सीएचसी हेड एवं जनपद प्रभारी ने 18 मत्स्य पालकों का एनएफडीपी पोर्टल पर पंजीकरण कराया। साथ ही मत्स्य पालकों को पीएमएमकेएसएसवाई योजना के विभिन्न घटकों में आवेदन की प्रक्रिया और उनसे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।

मत्स्य विभाग के अनुसार निरीक्षण का उद्देश्य आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों को बढ़ावा देना, सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक मत्स्य पालकों तक पहुंचाना तथा जनपद में मत्स्य उत्पादन को नई गति प्रदान करना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0