सोनीपत: खेल से विकसित होती है अनुशासन, नेतृत्व और निर्णय क्षमता : संजय कुंडू

Sep 17, 2026 - 15:33
Sep 17, 2026 - 16:38
 0  7
सोनीपत: खेल से विकसित होती है अनुशासन, नेतृत्व और निर्णय क्षमता : संजय कुंडू
राई / सोनीपत, अचल वार्ता। स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा, राई में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता के विकास के उद्देश्य से प्रेरणादायक व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय पुलिस सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार द्वारा संजय कुंडू का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। कुलपति ने कहा कि अनुभवी एवं प्रेरणादायक व्यक्तित्वों से संवाद विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों को समझने और अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने अनुशासन, मेहनत, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण को सफलता का आधार बताया।
संजय कुंडू ने विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के अनुभव, संघर्ष और उपलब्धियां साझा कीं। उन्होंने खेल के प्रति अपने लगाव और जुनून का उल्लेख करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का विकास नहीं करता, बल्कि अनुशासन, धैर्य, नेतृत्व, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पित रहने, चुनौतियों का सकारात्मक दृष्टिकोण से सामना करने और निरंतर सीखते रहने का आह्वान किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0