सोनीपत। गांव कुमासपुर में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब 80 वर्षीय दिव्यांग महिला और उसके 60 वर्षीय बेटे की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतकों की पहचान चमेली और उनके बेटे भगत राम के रूप में हुई है। दोनों के जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बताया जा रहा है कि दोनों नरेला में रहने वाले परिवार के एक सदस्य से मिलकर घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद दोनों ने खाना खाया। कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। भगत राम के भाई राजेश के अनुसार, मां और भाई की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो दोनों की हालत गंभीर थी और वे बेहोश होने लगे थे। परिजन दोनों को सोनीपत नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान भगत राम की मौत हो गई। गंभीर हालत में चमेली को खानपुर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर बहालगढ़ थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में सल्फास या किसी अन्य जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा।