तिरंगे के साथ निकली यूथ कनेक्ट रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

Aug 8, 2026 - 18:15
Aug 8, 2026 - 19:56
 0  2
तिरंगे के साथ निकली यूथ कनेक्ट रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

हरदोई , अचल वार्ता। देशभक्ति की भावना को प्रबल करने और युवाओं को राष्ट्रप्रेम से जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम से यूथ कनेक्ट तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में खिलाड़ियों, एनसीसी कैडेट्स और प्रांतीय रक्षक दल के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले युवाओं ने देशभक्ति के नारों से वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।

रैली के शुभारंभ से पूर्व क्रीड़ाधिकारी मंजू शर्मा ने जिलाधिकारी अनुनय झा का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। जिलाधिकारी ने तिरंगा हाथ में लेकर रैली में सहभागिता की और उसे महाराणा प्रताप डिग्री कॉलेज के लिए रवाना किया। क्रीड़ाधिकारी मंजू शर्मा के नेतृत्व में करीब 250 खिलाड़ियों ने रैली में प्रतिभाग किया।

महाराणा प्रताप डिग्री कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स और प्रांतीय रक्षक दल के जवान भी रैली में शामिल हुए। तिरंगा लहराते हुए आगे बढ़ते युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। रैली का समापन महाराणा प्रताप डिग्री कॉलेज में राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद प्रतिभागियों और अतिथियों को जलपान वितरित किया गया।

इस दौरान अधिकारियों ने युवाओं और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। कार्यक्रम में सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार, डीडीओ कमलेश कुमार, कॉलेज के प्राचार्य निखिलेश शरण, प्रभारी युवा कल्याण अधिकारी, सीएसएन एकेडमी के केके सिंह, एथलेटिक्स कोच पुनीत सिंह, फुटबॉल प्रशिक्षक महताब अहमद, एथलेटिक्स कोच आशीष पाल, जिम ट्रेनर अक्षत श्रीवास्तव, बैडमिंटन कोच प्रशांत निगम सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन मनीष मिश्रा ने किया। अंत में क्रीड़ाधिकारी मंजू शर्मा ने रैली में शामिल सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, एनसीसी कैडेट्स और जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0