उज्जैन तराना हिंसा: दो समुदायों में तनाव, बस जलाने की घटना, 25 गिरफ्तार
उज्जैन के तराना कस्बे में दो समुदायों के बीच हिंसा, आगजनी और पथराव। बस फूंकी गई, 25 लोग गिरफ्तार, भारी पुलिस बल तैनात,
उज्जैन, अचल वार्ता।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह जिले उज्जैन के तराना कस्बे में गुरुवार रात शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को उग्र सांप्रदायिक हिंसा में तब्दील हो गया। दो समुदायों के बीच तनाव इस कदर बढ़ा कि आगजनी, पथराव और तोड़फोड़ की कई घटनाएं सामने आईं। उपद्रवियों ने एक बस को आग के हवाले कर दिया, कई दुकानों और वाहनों में तोड़फोड़ की गई, जबकि एक मंदिर पर पथराव की सूचना भी मिली है। हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अब तक 25 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
मामूली विवाद से भड़की हिंसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात एक युवक से मारपीट की घटना के बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया। शुक्रवार सुबह से ही कस्बे में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। बाजार बंद रहे और लोगों में दहशत का माहौल देखने को मिला। दोपहर बाद एक दुकान में आगजनी की घटना के बाद हालात और बिगड़ गए।
जुमे की नमाज के बाद बस में लगाई आग
शुक्रवार को जुमे की नमाज के पश्चात महेश नगर क्षेत्र में खड़ी एक बस को आग के हवाले कर दिया गया। इसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। हिंसा के दौरान एक दर्जन से अधिक बसों, करीब 9 कारों और कई दुकानों को नुकसान पहुंचाया गया। पथराव में एक युवक घायल हो गया।
पुलिस का लाठीचार्ज और आंसू गैस का प्रयोग
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। देर रात तक महेश मार्केट, मदारवाड़ा और नयापुरा क्षेत्रों से हिंसा की खबरें आती रहीं।
पुराने विवाद से जुड़ा मामला
बताया जा रहा है कि पूरा घटनाक्रम बजरंग दल के प्रचारक साहिल ठाकुर और काजी चौक निवासी सलमान बेग के बीच पुराने विवाद से जुड़ा है। गुरुवार शाम साहिल ठाकुर पर कथित तौर पर हमला किया गया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने तराना थाने का घेराव किया, जहां से स्थिति और बिगड़ गई।
प्रशासन सख्त, फ्लैग मार्च
हालात पर नियंत्रण के लिए कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन और एसपी प्रदीप शर्मा मौके पर पहुंचे और भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया।
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। आगजनी और बस जलाने की घटनाओं में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। शनिवार सुबह बाजार खुल गए और स्थिति सामान्य बताई जा रही है, हालांकि एहतियातन पुलिस बल तैनात है
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0