दसवीं के गणित पेपर लीक मामले में 2 शिक्षकों पर गिरी गाज
हरियाणा में दसवीं गणित पेपर लीक मामले में दो शिक्षकों पर कार्रवाई, व्हाट्सएप और ईमेल से पेपर वायरल करने का आरोप, चार्जशीट जारी कर तबादला।
व्हाट्सएप-ईमेल से पेपर वायरल करने का आरोप, चार्जशीट जारी कर किया गया तबादला
चंडीगढ़, अचल वार्ता। हरियाणा में दसवीं कक्षा की गणित परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में शिक्षा विभाग ने कड़ा कदम उठाया है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की शिकायत पर मौलिक शिक्षा निदेशालय ने दो शिक्षकों के खिलाफ नियम-7 के तहत चार्जशीट जारी की है।
परीक्षा ड्यूटी के दौरान लीक हुआ गणित का पेपर
चार्जशीट किए गए शिक्षकों में विनोद कुमार (पीटीआई) और राजबीर सिंह (टीजीटी अंग्रेजी) शामिल हैं। दोनों शिक्षक राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रानीला-02, जिला चरखी दादरी में परीक्षा के दौरान सुपरवाइजर ड्यूटी पर तैनात थे।
आरोप है कि गणित विषय का प्रश्नपत्र उनके परीक्षा कक्ष से व्हाट्सएप और ईमेल के माध्यम से बाहर भेजा गया, जिससे परीक्षा की गोपनीयता भंग हुई। विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही और कर्तव्यहीनता माना है।
तत्काल प्रभाव से तबादला, जांच जारी
मौलिक शिक्षा निदेशालय के आदेशानुसार दोनों शिक्षकों का प्रशासनिक आधार पर तत्काल प्रभाव से तबादला कर महानिदेशक मौलिक शिक्षा कार्यालय पंचकूला में अटैच कर दिया गया है। साथ ही, पूरे प्रकरण की विभागीय जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
शिक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस घटना ने राज्य की परीक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, दोष सिद्ध होने पर शिक्षकों के खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0