नजर चूकते ही मासूम को निगल गई मौत, पानी के टैंक में गिरने से ढाई साल के हरदीप की दर्दनाक मौत

फरीदाबाद के सैनिक कॉलोनी में खेलते समय ढाई साल का मासूम हरदीप पानी के टैंक में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिवार में पसरा मातम, माता-पिता मजदूरी पर गए थे।

Mar 2, 2026 - 09:42
 0  0
नजर चूकते ही मासूम को निगल गई मौत, पानी के टैंक में गिरने से ढाई साल के हरदीप की दर्दनाक मौत

फरीदाबाद के सैनिक कॉलोनी में मातम, छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था हरदीप

फरीदाबाद, अचल वार्ता। फरीदाबाद के सैनिक कॉलोनी से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खेलते-खेलते ढाई साल के मासूम हरदीप की पानी के टैंक में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

मजदूरी पर गए थे माता-पिता, भाई-बहनों के पास था बच्चा

परिजनों के अनुसार हरदीप के माता-पिता मजदूरी करते हैं और घटना के समय दोनों काम पर गए हुए थे। वे मूल रूप से मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। परिवार में छह बच्चे हैं, जिनमें हरदीप सबसे छोटा था। माता-पिता काम पर जाते समय हरदीप को साथ ले गए थे, लेकिन बड़े भाई-बहन उसे खिलाने के लिए घर ले आए।

नजर चूकी और मासूम टैंक तक पहुंच गया

खेलते समय किसी को भनक तक नहीं लगी और हरदीप कब घर के पास रखे पानी के टैंक तक पहुंच गया, किसी को पता नहीं चला। कुछ देर बाद जब बच्चे उसे ढूंढने लगे तो वह कहीं नजर नहीं आया। आसपास के लोगों ने भी काफी खोजबीन की, लेकिन मासूम का कोई सुराग नहीं मिला।

टैंक में मिला बच्चा, अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित

इसके बाद मकान मालकिन ने अपने पानी के टैंक में झांककर देखा, जहां हरदीप पानी में डूबा मिला। आनन-फानन में बच्चे को बाहर निकालकर बीके अस्पताल की इमरजेंसी में ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद मासूम का शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पिता ने किसी पर नहीं लगाया आरोप

मृतक बच्चे के पिता ने इस मामले में किसी को दोषी नहीं ठहराया। उन्होंने कहा कि यह एक दुखद हादसा है और लापरवाही परिवार के बच्चों से हुई है, जो हरदीप का ध्यान नहीं रख पाए। उन्होंने प्रशासन से भी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0