इस जिले में चलेंगी हरियाणा रोडवेज की अतिरिक्त बसें, होली पर यात्रियों की बढ़ी भीड़, ड्राइवर-कंडक्टरों की छुट्टियां रद्द
होली के मद्देनज़र फरीदाबाद में हरियाणा रोडवेज की अतिरिक्त बसें चलेंगी। बल्लभगढ़ से यूपी-राजस्थान रूट पर बढ़ेगी बसों की संख्या, ड्राइवर-कंडक्टरों की छुट्टियां रद्द।
फरीदाबाद, अचल वार्ता। होली के त्योहार को देखते हुए हरियाणा रोडवेज ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है। बल्लभगढ़ स्थित राजा नाहर सिंह बस अड्डा से अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी, ताकि त्योहार के दौरान घर जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
होली पर बढ़ती है घर जाने वालों की संख्या
बल्लभगढ़ डिपो के संस्थान प्रबंधक जयपाल राठी ने बताया कि फरीदाबाद में प्रदेश के कई जिलों और अन्य राज्यों से आए हजारों श्रमिक काम करते हैं। होली के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग अपने गृह जनपदों की ओर रवाना होते हैं, जिससे बस अड्डों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ती है।
लंबे रूटों की बसें होंगी अस्थायी रूप से शिफ्ट
रोडवेज प्रबंधन ने निर्णय लिया है कि जिन लंबे रूटों पर फिलहाल यात्रियों की संख्या कम रहती है, वहां से बसों को अस्थायी रूप से हटाकर ज्यादा भीड़ वाले रूटों पर चलाया जाएगा। विशेष रूप से उत्तर प्रदेश और राजस्थान की ओर जाने वाले मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
ड्राइवर-कंडक्टरों की छुट्टियां रद्द
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रोडवेज विभाग ने ड्राइवरों और कंडक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं, ताकि सभी बसें नियमित रूप से संचालित हो सकें। विभाग का कहना है कि होली के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और समय पर उनके घर पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
यात्रियों को मिलेगी राहत
हरियाणा रोडवेज के इस फैसले से त्योहार पर सफर करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। अतिरिक्त बसों के संचालन से भीड़ कम होगी और यात्रियों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0