3 मकान, कार और ऑटो का मालिक निकला इंदौर का भिखारी, व्यापारियों को ब्याज पर देता था पैसा
इंदौर में भिक्षावृत्ति उन्मूलन अभियान के दौरान सराफा का भिखारी मांगीलाल करोड़ों की संपत्ति का मालिक निकला। तीन मकान, ऑटो और कार होने का खुलासा।
इंदौर, अचल वार्ता। मध्य प्रदेश के इंदौर में भिक्षावृत्ति उन्मूलन अभियान के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सराफा क्षेत्र में वर्षों से भीख मांगने वाला भिखारी मांगीलाल असल में करोड़ों की संपत्ति का मालिक निकला। जांच में खुलासा हुआ कि उसके पास तीन पक्के मकान, तीन ऑटो और एक कार है। इतना ही नहीं, वह भीख से मिले पैसों को व्यापारियों को ब्याज पर कर्ज देने का काम भी करता था।
महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने जब मांगीलाल को अभियान के तहत रेस्क्यू किया, तो उसकी हकीकत जानकर अधिकारी भी हैरान रह गए। सराफा की गलियों में लकड़ी की फिसलने वाली गाड़ी, पीठ पर बैग और हाथ में जूते के सहारे लोगों की सहानुभूति बटोरने वाला मांगीलाल रोजाना 500 से 1000 रुपये तक की कमाई करता था।
ब्याज पर देता था पैसा
पूछताछ में मांगीलाल ने स्वीकार किया कि वह भीख से जुटाए गए पैसों को सराफा क्षेत्र के कुछ व्यापारियों को एक दिन और एक सप्ताह के हिसाब से ब्याज पर उधार देता था। ब्याज की वसूली के लिए वह रोजाना सराफा बाजार पहुंचता था। बिना कुछ बोले लोगों के पास खड़े होकर वह आसानी से पैसे हासिल कर लेता था।
तीन मकान, तीन ऑटो और एक कार
रेस्क्यू टीम के नोडल अधिकारी दिनेश मिश्रा के अनुसार मांगीलाल के पास इंदौर के अलग-अलग इलाकों में तीन पक्के मकान हैं।
- भगत सिंह नगर में 16×45 फीट का तीन मंजिला मकान
- शिवनगर में 600 वर्गफुट का दूसरा मकान
- अलवास में 10×20 फीट का एक बीएचके मकान
अलवास का मकान उसे शासन द्वारा रेड क्रॉस की मदद से विकलांगता के आधार पर दिया गया था। इसके अलावा उसके पास तीन ऑटो, जिन्हें वह किराए पर चलाता है, और एक डिजायर कार भी है, जिसके लिए उसने ड्राइवर तक रख रखा है।
6500 भिखारियों का हुआ था सर्वे
जिला कार्यक्रम अधिकारी रजनीश सिन्हा ने बताया कि इंदौर में फरवरी 2024 से भिक्षावृत्ति मुक्त अभियान चलाया जा रहा है। शुरुआती सर्वे में 6500 भिखारी सामने आए थे। इनमें से
- 4500 लोगों की काउंसलिंग कर भिक्षावृत्ति छुड़ाई गई
- 1600 भिक्षुकों को उज्जैन के सेवाधाम आश्रम भेजा गया
- 172 बच्चों का स्कूलों में दाखिला कराया गया
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भिक्षावृत्ति करने वालों और इसे बढ़ावा देने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0