चौकीदार के बेटे ने रचा इतिहास: अंबेडकरनगर के विपिन यादव ने UPSC में पाई 316वीं रैंक

अंबेडकरनगर के एकडल्ला गांव के विपिन यादव ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा में 316वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। चौकीदार के बेटे की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

Mar 7, 2026 - 09:14
 0  143
चौकीदार के बेटे ने रचा इतिहास: अंबेडकरनगर के विपिन यादव ने UPSC में पाई 316वीं रैंक

अंबेडकरनगर, अचल वार्ता। जनपद के एकडल्ला गांव निवासी विपिन यादव ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में 316वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। साधारण परिवार से आने वाले विपिन यादव की इस बड़ी सफलता से पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जैसे ही परीक्षा परिणाम की जानकारी लोगों को मिली, परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों में उत्साह की लहर दौड़ गई।

विपिन यादव के पिता राजाराम यादव टांडा कोतवाली में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद विपिन ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अयोध्या और इलाहाबाद से की पढ़ाई

विपिन यादव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट एसएसबी इंटर कॉलेज अयोध्या से पूरी की। इसके बाद उन्होंने स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई इलाहाबाद विश्वविद्यालय से की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी और लगातार प्रयास करते रहे।

चौथे प्रयास में मिली सफलता

विपिन यादव को यह सफलता चौथे प्रयास में प्राप्त हुई है। तीसरे प्रयास में भी उन्होंने साक्षात्कार तक का सफर तय किया था, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो पाया था। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और कड़ी मेहनत जारी रखी, जिसका परिणाम इस बार सफलता के रूप में सामने आया।

परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल

विपिन यादव के भाई इंद्रदेव एक प्राइवेट इंटर कॉलेज में अध्यापक हैं, जबकि उनकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। उनकी माता मेवाती देवी गृहिणी हैं। बेटे के आईएएस में चयन की खबर मिलते ही माता-पिता की आंखें खुशी से भर आईं।

वर्तमान समय में विपिन यादव घर पर नहीं हैं, लेकिन जल्द ही उनके घर आने की उम्मीद जताई जा रही है। गांव और क्षेत्र के लोग लगातार परिवार को बधाई दे रहे हैं।

युवाओं के लिए बने प्रेरणा

विपिन यादव की इस सफलता से क्षेत्र के युवाओं को भी प्रेरणा मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि विपिन ने साबित कर दिया है कि अगर लक्ष्य बड़ा हो और मेहनत सच्ची हो तो किसी भी परिस्थिति में सफलता हासिल की जा सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 1
Wow Wow 0