हरदोई : नहर में नहाते समय तीन किशोरियां डूबीं, दो को बचाया गया, एक की तलाश जारी
हरदोई , अचल वार्ता । कछौना क्षेत्र में गुरुवार को शारदा नहर में नहाते समय पैर फिसलने से तीन किशोरियां पानी में डूबने लगीं। मौके पर मौजूद एक युवक ने साहस दिखाते हुए दो किशोरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि तेज बहाव के कारण 12 वर्षीय शिवांशी लापता हो गई। घटना के बाद एनडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम समसपुर निवासी कन्हैयालाल की बेटियां शिवांशी (12) और शिवानी (14) तथा मनोज की पुत्री नैंसी (13) अन्य बच्चों के साथ खेत में धान की रोपाई कर रही थीं। काम समाप्त होने के बाद सभी बच्चे शारदा नहर पर हाथ-पैर धोने पहुंचे। इसी दौरान तीनों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चली गईं।
बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर पास में जानवर चरा रहे सुनील राठौर ने बिना देर किए नहर में छलांग लगा दी। उन्होंने शिवानी और नैंसी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तेज बहाव के कारण शिवांशी तक नहीं पहुंच सके और वह पानी में लापता हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पीआरवी-112, कछौना पुलिस, फायर ब्रिगेड, तहसील प्रशासन और जिला प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पहुंचीं। नायब तहसीलदार संतोष श्रीवास्तव, थाना प्रभारी अमित सिंह तथा फायर स्टेशन संडीला की टीम ने स्थानीय तैराकों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया। बाद में एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और सघन खोज अभियान शुरू किया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नहर का पानी बंद कराने तथा आगे रेगुलेटर पर जाल लगवाने की मांग की, ताकि लापता किशोरी का पता लगाया जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के महरी, समसपुर पुल और कलौली पुल के आसपास अक्सर बच्चे और युवक नहर में नहाते हैं, जिससे इस तरह की दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
समाचार लिखे जाने तक शिवांशी का कोई पता नहीं चल सका था। ग्राम प्रधान अनूप कुमार उर्फ मटरू भी प्रशासन के साथ राहत एवं खोज अभियान में सहयोग कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0