शाहजहांपुर: आवारा गोवंश से परेशान किसान, भोरापुर गौशाला में शिफ्टिंग की मांग तेज
शाहजहांपुर के जलालाबाद क्षेत्र में आवारा गोवंश से परेशान किसानों ने भोरापुर गौशाला में शिफ्टिंग की मांग की। किसान नेता रामवीर सिंह सोमवंशी ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की अपील की।
शाहजहांपुर, अचल वार्ता। जलालाबाद तहसील क्षेत्र के मऊ रसूलपुर, मऊ शाहजहांपुर और हुल्लापुर गांवों में आवारा गोवंश की समस्या गंभीर होती जा रही है। खेतों में घुसकर फसलें नष्ट कर रहे नंदी-गायों से परेशान किसानों की आवाज़ अब प्रशासन तक पहुंची है।
जलालाबाद क्षेत्र के किसान नेता एवं भारतीय हालदार किसान यूनियन के राष्ट्रीय महामंत्री रामवीर सिंह सोमवंशी ने गुरुवार को तहसीलदार अनुराग दुबे को शिकायती ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि पड़ोसी गांवों के आवारा गोवंश को भरखनी ब्लॉक स्थित भोरापुर गौशाला में तत्काल शिफ्ट किया जाए।
किसान नेता ने बताया कि भोरापुर के ग्राम प्रधान द्वारा पहले ही सीडीओ शाहजहांपुर से अनुरोध किया जा चुका है। इस पर सीडीओ ने जलालाबाद के एडीओ पंचायत और पंचायत सचिव को संबंधित गांवों के आवारा नंदी-गायों को भोरापुर गौशाला भेजने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके, अब तक इन आदेशों पर अमल नहीं हुआ है।
रामवीर सिंह सोमवंशी ने कहा कि आवारा पशुओं के कारण किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। फसलें बर्बाद हो रही हैं और ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने तहसीलदार से अपील की कि किसानों की समस्या का संज्ञान लेकर तत्काल प्रभाव से गोवंश को गौशाला में शिफ्ट कराया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो किसान आंदोलन की रणनीति तय करने को मजबूर होंगे। यह ज्ञापन गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे सौंपा गया।
- राम निवास शर्मा
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0