पंकज आडवाणी ने जीता क्रूसिबल कप 2026, फाइनल में 6-0 से जीत

Nov 26, 2026 - 17:33
 0  0
पंकज आडवाणी ने जीता क्रूसिबल कप 2026, फाइनल में 6-0 से जीत
प्रतिकात्मक फोटो

नई दिल्ली, अचल वार्ता। भारतीय क्यू स्पोर्ट्स के दिग्गज पंकज आडवाणी ने अंतरराष्ट्रीय स्नूकर में देश का नाम रोशन करते हुए प्रतिष्ठित क्रूसिबल कप 2026 अपने नाम कर लिया। इंग्लैंड के रीडिंग में खेले गए फाइनल मुकाबले में आडवाणी ने माल्टा के पूर्व पेशेवर खिलाड़ी टोनी ड्रैगो को एकतरफा अंदाज में 6-0 से हराया। इस जीत के साथ वह क्रूसिबल कप जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए।

आडवाणी ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और अपनी तकनीक, संयम तथा दबाव में बेहतर खेल का परिचय दिया। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान कुल तीन ही फ्रेम गंवाए, जो उनके दबदबे को दर्शाता है।

बड़े खिलाड़ियों को हराकर फाइनल में पहुंचे

आडवाणी का टूर्नामेंट में सफर आसान नहीं रहा। उन्होंने अपने शुरुआती मुकाबले में टूर्नामेंट के गत चैंपियन और पूर्व विश्व स्नूकर चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के नील रॉबर्टसन को 5-2 से हराया।

इसके बाद उन्होंने इंग्लैंड के जो पेरी को 5-1 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। पेरी ने इससे पहले मौजूदा विश्व स्नूकर चैंपियन वू यिजे को 5-0 से हराकर बड़ा उलटफेर किया था।

दूसरी ओर, टोनी ड्रैगो ने सेमीफाइनल मुकाबले में दिग्गज रॉनी ओ'सुलिवन को 5-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। ड्रैगो की इस जीत को टूर्नामेंट का बड़ा उलटफेर माना गया। हालांकि, फाइनल में आडवाणी के सामने उनका प्रदर्शन प्रभावी नहीं रहा और भारतीय खिलाड़ी ने बिना कोई फ्रेम गंवाए खिताब जीत लिया।

तेज रफ्तार स्नूकर 900 प्रारूप में खेला गया टूर्नामेंट

क्रूसिबल कप का आयोजन तेज रफ्तार स्नूकर 900 प्रारूप में किया गया। इस प्रारूप में खिलाड़ियों को प्रत्येक शॉट खेलने के लिए 20 सेकंड का समय मिलता है और हर फ्रेम की समय सीमा 15 मिनट निर्धारित होती है।

समय समाप्त होने पर जिस खिलाड़ी के अंक अधिक होते हैं, उसे फ्रेम का विजेता घोषित किया जाता है, भले ही सभी गेंदें पॉट न हुई हों। इस प्रारूप में तेज निर्णय, सटीक निशाना और समय का सही उपयोग बेहद महत्वपूर्ण होता है।

2027 में भारत में होगा अगला आयोजन

आडवाणी की इस ऐतिहासिक जीत के साथ क्रूसिबल कप का अगला संस्करण 2027 में भारत में आयोजित किया जाएगा। यह पहली बार होगा जब इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी भारत करेगा।

आडवाणी की जीत भारतीय बिलियर्ड्स और स्नूकर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनके प्रदर्शन ने एक बार फिर दिखाया कि भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्यू स्पोर्ट्स में शीर्ष स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता रखते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0