रुद्रप्रयाग : विश्व जनसंख्या दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
रुद्रप्रयाग, अचल वार्ता । उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशन एवं माननीय अध्यक्ष महोदया, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जिला न्यायाधीश, रुद्रप्रयाग के मार्गदर्शन तथा सचिव महोदया, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग श्रीमती पायल सिंह की अध्यक्षता में दिनांक 11 जुलाई, 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग द्वारा विकासखण्ड सभागार, उखीमठ में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सचिव महोदया द्वारा विश्व जनसंख्या दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वैश्विक जनसंख्या से जुड़ी चुनौतियों तथा उनके विकास, सार्वजनिक स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं प्राकृतिक संसाधनों पर पड़ने वाले व्यापक प्रभावों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीव्र जनसंख्या वृद्धि के कारण भोजन, स्वच्छ पेयजल, आवास, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य आवश्यक संसाधनों पर दबाव बढ़ता है, इसलिए इन विषयों के प्रति समाज में जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर प्रजनन अधिकारों, मातृत्व लाभ तथा स्वास्थ्य के अधिकार से संबंधित विधिक प्रावधानों एवं उपलब्ध सहायता के संबंध में भी जागरूक किया गया। महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षित मातृत्व, मातृत्व संबंधी लाभों तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए उपस्थित लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग के पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLVs) द्वारा उक्त विषय पर एक प्रभावी नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनसंख्या वृद्धि से जुड़ी सामाजिक एवं आर्थिक चुनौतियों तथा स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार एवं उपलब्ध संसाधनों पर पड़ने वाले प्रभावों को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए जन-जागरूकता का संदेश दिया गया।
विधिक जागरूकता शिविर के उपरांत पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिकों के पर्यावरणीय दायित्वों के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से चलाए जा रहे 30 दिवसीय वृक्षारोपण अभियान (01 जुलाई से 30 जुलाई, 2026) के अंतर्गत सचिव महोदया द्वारा पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के संवर्धन का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं देखभाल के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0