भारत ने पहला वनडे जीता, न्यूजीलैंड पर 4 विकेट से शानदार जीत

भारत ने वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर 1-0 की बढ़त बनाई। विराट कोहली की 93 रन की पारी, शुभमन गिल का अर्धशतक और रोहित शर्मा का 650 छक्कों का ऐतिहासिक रिकॉर्ड।

Jan 12, 2026 - 08:42
Jan 21, 2026 - 21:56
 0  1
भारत ने पहला वनडे जीता, न्यूजीलैंड पर 4 विकेट से शानदार जीत

विराट कोहली की 93 रन की पारी, गिल का अर्धशतक, रोहित का ऐतिहासिक रिकॉर्ड

वडोदरा। भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का दूसरा मैच 14 जनवरी को राजकोट में खेला जाएगा।

रविवार को वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। न्यूजीलैंड की टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 300 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 49 ओवर में 6 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। केएल राहुल ने क्रिस्टियन क्लार्क की गेंद पर छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई।

कोहली-गिल की शतकीय साझेदारी

भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और रोहित शर्मा 26 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि इसके बाद विराट कोहली और कप्तान शुभमन गिल ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर पारी को संभाला। गिल ने 56 रन की अहम पारी खेली, जबकि कोहली 93 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद श्रेयस अय्यर ने 49 रन की उपयोगी पारी खेली और टीम को जीत के करीब पहुंचाया।

कोहली से चूका शतक, फिर भी बनाया इतिहास

विराट कोहली अपने 85वें अंतरराष्ट्रीय शतक से मात्र 7 रन से चूक गए, लेकिन उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। कोहली ने सबसे तेज 28 हजार अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करते हुए सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में कुमार संगकारा को भी पीछे छोड़ दिया।

रोहित शर्मा का ऐतिहासिक कारनामा

रोहित शर्मा ने अपनी पारी में दो छक्के लगाए और इसके साथ ही वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 650 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए।

भारतीय टीम की इस जीत से सीरीज में उसका आत्मविश्वास और मजबूत हो गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0