टी20 वर्ल्ड कप से पहले फिट हो सकते हैं तिलक वर्मा, BCCI सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में रिहैब जारी
सर्जरी के बाद बाहर चल रहे तिलक वर्मा के टी20 वर्ल्ड कप से पहले फिट होने की उम्मीदें बढ़ीं। बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में रिहैब कर रहे हैं, सोशल मीडिया पर कमबैक का संकेत।
नई दिल्ली, अचल वार्ता। सर्जरी के बाद भारतीय टीम से बाहर चल रहे युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा के टी20 वर्ल्ड कप से पहले फिट होने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। तिलक इस समय बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में रिहैब से गुजर रहे हैं और तेजी से रिकवरी की ओर बढ़ रहे हैं।
तिलक वर्मा ने सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं, जिनमें वह कड़ी मेहनत करते नजर आ रहे हैं। एक वीडियो में तिलक व्यायाम करते दिखाई दे रहे हैं, जिसके साथ उन्होंने लिखा है— “कोई कसर नहीं छोड़ रहे, कमबैक सून”। इस पोस्ट के बाद उनके जल्द मैदान पर लौटने की उम्मीद और मजबूत हो गई है।
तिलक वर्मा भारतीय टी20 टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज माने जाते हैं। उन्होंने एशिया कप के फाइनल में शानदार पारी खेलकर भारत को खिताबी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में भी उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने भारतीय टीम को बड़ा फायदा पहुंचाया था। उस सीरीज में तिलक ने सबसे ज्यादा 187 रन बनाए थे और दो अर्धशतक भी लगाए थे।
न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज की तैयारी के लिए तिलक ने विजय हजारे ट्रॉफी में दो मुकाबले खेले थे, जिनमें उन्होंने 109 और 34 रन बनाए। इसी दौरान उन्हें पेट में दर्द की समस्या हुई, जिसके चलते उन्हें सर्जरी करानी पड़ी। इस कारण वह न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबलों से बाहर हो गए थे।बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा नंबर तीन पर भारत के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। दबाव के हालातों में शानदार बल्लेबाजी उनकी सबसे बड़ी ताकत है। अब तक तिलक ने 40 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 37 पारियों में 49.29 की औसत से 1,183 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 144.09 का रहा है। उनके नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2 शतक और 6 अर्धशतक दर्ज हैं।
नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए तिलक वर्मा ने 15 पारियों में 60.22 की औसत और 160 के स्ट्राइक रेट से 542 रन बनाए हैं। खास बात यह है कि टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनके दोनों शतक इसी पोजीशन पर बल्लेबाजी करते हुए आए हैं। टी20 वर्ल्ड कप से पहले यदि तिलक वर्मा पूरी तरह फिट हो जाते हैं, तो यह भारतीय टीम के लिए बड़ी राहत और मजबूती साबित हो सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0