हरदोई:सीडीओ ने एनआरसी का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर 13 सीडीपीओ को नोटिस के निर्देश
हरदोई, अचल वार्ता। मुख्य विकास अधिकारी हरदोई श्रीमती नेहा ब्याडवाल ने सोमवार को कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य सुधार के लिए जिला महिला चिकित्सालय में स्थापित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एनआरसी में 10 अतिकुपोषित बच्चे भर्ती मिले। सीडीओ ने बच्चों की माताओं से बातचीत कर उन्हें दिए जा रहे पोषाहार और उपचार की जानकारी ली।
उन्होंने एनआरसी प्रभारी डॉ. शिवम गुप्ता और डायटिशियन श्रीमती शालिनी मिश्रा से बच्चों को दिए जाने वाले पोषाहार के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद रसोईघर का निरीक्षण किया, जहां सीलन और रंगाई-पुताई की कमी मिली। एनआरसी के बाहर पेयजल की समुचित व्यवस्था भी नहीं मिली। इन कमियों पर सीडीओ ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को एनआरसी प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
दो माह से एनआरसी नहीं पहुंचीं सीडीपीओ
इस एनआरसी में ब्लॉक संडीला को छोड़कर कुल 13 ब्लॉकों के अतिकुपोषित बच्चे भर्ती होते हैं। निरीक्षण में सामने आया कि पिछले दो माह से किसी भी ब्लॉक की सीडीपीओ ने एनआरसी का भ्रमण नहीं किया। भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की स्थिति को लेकर भी कोई फीडबैक या जानकारी नहीं ली गई। इसे गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को सभी 13 सीडीपीओ को नोटिस जारी कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. चंद्र किशोर, सीएमएस, डॉ. शिवम गुप्ता, प्रभारी एनआरसी, जिला कार्यक्रम अधिकारी रामेन्द्र सिंह और खंड विकास अधिकारी सुरसा श्रीमती कविता अवस्थी मौजूद रहीं।
राजकीय सम्प्रेक्षण गृह का भी किया निरीक्षण
इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने राजकीय बाल सम्प्रेक्षण गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने निरुद्ध बाल बंदियों के स्किल डेवलपमेंट के लिए संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी ली। सीडीओ ने पुस्तकालय, कंप्यूटर रूम, भोजनालय और क्रीड़ा स्थल का निरीक्षण कर अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए।
संस्थान में कराए जा रहे बागवानी कार्य को सीडीओ ने सराहनीय बताया और इसके लिए अधीक्षक की प्रशंसा की। निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय निगम, अधीक्षक राजकीय सम्प्रेक्षण गृह सौरभ पाठक तथा खंड विकास अधिकारी सुरसा श्रीमती कविता अवस्थी उपस्थित रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0