हरदोई : वृक्षारोपण महायज्ञ-2026, हरदोई ने लक्ष्य से अधिक 72.75 लाख पौधे रोपकर बनाया नया कीर्तिमान
हरदोई, अचल वार्ता । प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रविवार को हरदोई जनपद ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधरोपण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत जनपद को 72,74,700 पौधे रोपित करने का लक्ष्य मिला था, जबकि पूरे जिले में 72,75,759 पौधे लगाकर लक्ष्य को पार कर लिया गया।
जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) हरदोई परिसर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में राज्य मंत्री (उच्च शिक्षा) रजनी तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह, याचिका समिति के सभापति अशोक अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, सामाजिक वानिकी विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, किसान, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने हरिशंकरी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने महोगनी, एमएलसी अवनीश कुमार सिंह ने वाटलब्रश, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने मौलश्री तथा जिलाधिकारी अनुनय झा ने अशोक का पौधा रोपित किया। कार्यक्रम के दौरान 'आम भंडारा' के तहत आम के पौधों का भी वितरण किया गया।
राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने शाहाबाद स्थित वृहद गौ संरक्षण केंद्र तडेर, स्वामी ब्रह्मानंद डिग्री कॉलेज आगमपुर तथा टोडरपुर विकासखंड के कपूरपुर बहोरन गांव में भी पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से संचालित यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति संरक्षण, जलवायु संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।
जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि अभियान को जन-जन का आंदोलन बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, जीरो पॉवर्टी लाभार्थियों तथा ट्रांसजेंडर समुदाय को भी सक्रिय रूप से जोड़ा गया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ इनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी संबंधित विभागों को सौंपी गई है, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में घने वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
इसी क्रम में लखनऊ मंडल के अपर आयुक्त राधेश्याम ने संडीला क्षेत्र के ग्राम मवई मुसलमानान में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल पर विशेष बल दिया।
अभियान के दौरान जीरो पॉवर्टी लाभार्थियों ने 23,230, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने 77,580 तथा दिव्यांगजनों ने 3,879 पौधे लगाए। वहीं ट्रांसजेंडर समुदाय ने भी बावन गौशाला में पौधरोपण कर अभियान में अपनी उल्लेखनीय भागीदारी निभाई। प्रशासन का कहना है कि व्यापक जनसहभागिता के साथ संपन्न यह अभियान हरदोई को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0