हरदोई : पुलिस मुठभेड़ में चार शातिर बाइक चोर गिरफ्तार, छह वारदातों का खुलासा
चोरी की बाइकें, अवैध तमंचा, कारतूस और बाइक खोलने के उपकरण बरामद
हरदोई, अचल वार्ता। थाना पचदेवरा पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार शातिर मोटरसाइकिल चोरों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, एक खुली हुई मोटरसाइकिल, मोटरसाइकिल खोलने के उपकरण, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस एवं खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार 31 मई 2026 को मोहल्ला नई बस्ती, थाना शाहाबाद निवासी मोहम्मद सुलेमान पुत्र शाह आलम की मोटरसाइकिल संख्या UP30AV-7397 उनके घर के बाहर से चोरी हो गई थी। इस संबंध में थाना शाहाबाद पर मुकदमा अपराध संख्या 367/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देशन में थाना पचदेवरा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया था। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ पचदेवरा क्षेत्र में मौजूद हैं।
सूचना पर थाना पचदेवरा पुलिस ने चांदपुर मोड़ के निकट घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगे और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। अन्य तीन आरोपियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त
- नूर मोहम्मद उर्फ नन्हे पुत्र बिस्मिल्लाह निवासी कटियारिया, थाना हरियावां, जनपद हरदोई (वर्तमान पता शांतिपुरम कॉलोनी, थाना सदर बाजार, शाहजहांपुर)
- राजपाल पुत्र रामऔतार निवासी बाबूनगर, थाना जलालाबाद, जनपद शाहजहांपुर
- वीरेंद्र पुत्र रामपाल निवासी रौनी, थाना जलालाबाद, जनपद शाहजहांपुर
- विशाल पुत्र लालबहादुर निवासी रौरा, थाना जलालाबाद, जनपद शाहजहांपुर
पूछताछ में छह चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी की कई घटनाएं स्वीकार कीं। इनके द्वारा कबूले गए मामलों में—
- 27 जनवरी 2026 को थाना सदर बाजार क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी
- 3 फरवरी 2026 को थाना जलालाबाद क्षेत्र से बाइक चोरी
- 9 अप्रैल 2026 को थाना मिर्जापुर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी
- 29 अप्रैल 2026 को थाना सदर बाजार क्षेत्र से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी
- 10 मई 2026 को थाना सदर बाजार क्षेत्र से एचएफ डीलक्स बाइक चोरी
- 11 मई 2026 को थाना शाहाबाद क्षेत्र की नवीन गल्ला मंडी से एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी
जांच में इन घटनाओं से संबंधित विभिन्न मुकदमों का खुलासा हुआ है।
बरामदगी
- 2 अदद चोरी की मोटरसाइकिलें
- 1 अदद खुली हुई मोटरसाइकिल संख्या UP30AV-7397
मोटरसाइकिल खोलने के उपकरण
- 1 अदद तमंचा .315 बोर
- 3 अदद जिंदा कारतूस
- 2 अदद खोखा कारतूस
लंबा है आपराधिक इतिहास
मुख्य आरोपी नूर मोहम्मद उर्फ नन्हे के खिलाफ शाहजहांपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं घायल आरोपी विशाल के विरुद्ध भी वाहन चोरी और अन्य अपराधों से जुड़े कई मामले दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद वाहनों को उनके स्वामियों को सुपुर्द करने तथा चोरी के अन्य मामलों में गिरोह की संलिप्तता की जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक हरदोई ने इस कार्रवाई में शामिल थाना पचदेवरा पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में वाहन चोरी और संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
- लक्ष्मीकांत पाठक
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0