मुरादाबाद : दहेज के भूखे ससुरालियों ने विवाहिता को पीटकर निकाला
मुरादाबाद, अचल वार्ता। थाना भोजपुर क्षेत्र के ग्राम देवीपुरा मढ़ैया की रहने वाली विवाहिता अंजू ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट कर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता अंजू के अनुसार उसकी शादी करीब नौ वर्ष पूर्व दीपक पुत्र नन्हे निवासी ग्राम देवीपुरा मढ़ैया थाना भोजपुर के साथ हुई थी। विवाह के समय उसके मायके पक्ष ने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था। लेकिन ससुराल पक्ष इससे संतुष्ट नहीं था।
आरोप है कि शादी के बाद से ही पति दीपक, ससुर नन्हे फौजी, सास माला देवी और देवर विष्णु द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की जाती रही। पीड़िता का आरोप है कि उससे एक मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट कर मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति शराब के नशे में अक्सर उसके साथ अभद्र व्यवहार करता है और मारपीट करता है, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी उसका साथ देते हैं।
पीड़िता के मुताबिक बीते सोमवार को दोपहर करीब एक बजे उसके पति ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी और उसे घर से बाहर निकाल दिया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में उसे चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति समेत चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0