मुरादाबाद : मैकेनिक की बेरहमी से हत्या, उधारी के चंद रुपये बने वजह
मुरादाबाद, अचल वार्ता। थाना मैनाठेर पुलिस ने टायर मैकेनिक की हत्या के मामले में आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध चाकू भी बरामद किया।
बीती 14 मई की रात लगभग 8:40 बजे ग्राम मेथरापुर बिहार जिला मुजफ्फरपुर निवासी इस्तेकार जो डींगरपुर में टायर पंचर की दुकान चलाता था, वह अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान रामपुर के शहजाद नगर निवासी ट्रक चालक करीम अपना ट्रक लेकर आया और पहिए की हवा चेक कराई। पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि चालक करीम ने ट्रक के केबिन से चाकू निकालकर इस्तेकार के सीने पर वार कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। घायल इस्तेकार को अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद मृतक के रिश्तेदार मुमताज की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशन में गठित टीम ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर आरोपी करीम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चाकू भी बरामद कर लिया है जिससे हत्या की गई थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी करीम पर पहले भी रामपुर के थाना स्वार में सड़क दुर्घटना और लापरवाही से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक किरनपाल सिंह, उप-निरीक्षक आशीष कुमार, कांस्टेबल विनिस और रवि कुमार की मुख्य भूमिका रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0