मुरादाबाद : 23 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ, दुआओं के साथ विदा हुई बेटियां
मुरादाबाद, अचल वार्ता। नगर पंचायत भोजपुर-धर्मपुर स्थित राजमहल मैरिज हॉल में सोमवार को जश्ने शाह सकलैन कमेटी की ओर से इज्तिमाई निकाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। हुजूर गाजी मियां की सरपरस्ती में 23 जोड़े एक साथ निकाह के पवित्र बंधन में बंधे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग, समाजसेवी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को दुआएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान निकाह की सभी धार्मिक रस्में पूरी गरिमा और अनुशासन के साथ अदा की गई। कमेटी की ओर से न सिर्फ निकाह की पूरी जिम्मेदारी निभाई गई, बल्कि दूर-दराज से आए मेहमानों के लिए खाने-पीने का भी विशेष इंतजाम किया गया।
जिसमें सभासद तौकीर कुरैशी ने अपने सभासद साथियों के साथ मिलकर मेहमानों के लिए खाने-पीने की बेहतर व्यवस्था की, जिसमें फ्रूट, कोल्ड ड्रिंक और हलवा आदि का विशेष प्रबंध किया। इसके अलावा नवविवाहित जोड़ों को कमेटी ने घरेलू उपयोग का आवश्यक सामान भेंट किया, जिससे वे अपनी नई जिंदगी की शुरुआत बिना किसी आर्थिक बोझ के आसानी से कर सकें।
सभासद तौकीर कुरैशी ने बताया कि इस तरह के इज्तिमाई निकाह कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शादी-विवाह में होने वाली फिजूलखर्ची को रोकना और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को इसका लाभ मिल सके।
इस मौके पर हाजी इकराम कुरैशी पूर्व राज्य मंत्री, अर्शमान अख्तर चेयरमैन प्रतिनिधि, शराफत हुसैन डायरेक्टर यूपीका कानपुर, तौकीर कुरैशी सभासद, शफी अहमद उर्फ बाबू पूर्व चेयरमैन, यासीन मलिक, इस्तेकार हुसैन, नाजिर, रफी, नबी हसन चौधरी, इकराम, मोनिस सहित आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर क्षेत्रवासियों ने जश्ने शाह सकलैन कमेटी के प्रयासों की प्रशंसा कर इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0