मुरादाबाद : पुलिस प्रताड़ना का आरोप, महिला ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार ।

Jul 10, 2026 - 20:49
 0  3
मुरादाबाद : पुलिस प्रताड़ना का आरोप, महिला ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार ।

मुरादाबाद, अचल वार्ता । थाना मूंढापांडे क्षेत्र के ग्राम ककरघटा निवासी एक महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को प्रार्थना पत्र देकर स्थानीय चौकी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने आरोप लगाया है कि उसके परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, शिकायतकर्ता रहमत जहां पत्नी शमीम ने बताया कि वह एक सामाजिक परिवार से संबंध रखती हैं और वर्तमान में उनकी प्रार्थिनी की जेठानी गांव की प्रधान हैं। आरोप है कि दलपतपुर चौकी प्रभारी संदीप कुमार और उनके स्टाफ के कुछ लोग उनके पति से रंजिश रखते हैं। महिला का कहना है कि उसके पति ने पूर्व में क्षेत्र में कथित रूप से चल रहे जुआ और अवैध खनन की शिकायत उच्च अधिकारियों से की थी, जिसके बाद से पुलिस उनसे नाराज है। महिला ने आरोप लगाया कि चौकी पुलिस आए दिन उनके घर पहुंचकर परिवार को परेशान करती है तथा बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उनके पति को झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देती है।

 प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि 9 जुलाई 2026 की रात करीब 11:40 बजे चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ उनके घर पहुंचे और कथित रूप से महिला के साथ मारपीट की, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और रक्तस्राव शुरू हो गया। शिकायतकर्ता का दावा है कि उसके पति के खिलाफ अब तक किसी भी थाने में कोई मुकदमा दर्ज नहीं है और वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस उनके पति को किसी झूठे मामले में फंसाने की साजिश कर रही है। साथ ही गांव के कुछ लोगों पर भी दबाव बनाकर उनके पति का नाम मुकदमों में शामिल कराने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया गया है। महिला ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार को सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग की है। प्रार्थना पत्र के साथ पूर्व में की गई शिकायतों की प्रतियां भी संलग्न किए जाने का उल्लेख किया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0