मुरादाबाद : AIMIM कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट घेरा, नफरत फैलाने वाले नेताओं पर सख्त एक्शन की मांग
मुरादाबाद, अचल वार्ता। ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन की मुरादाबाद जिला एवं महानगर इकाई ने गुरुवार को महाराष्ट्र सरकार में भाजपा मंत्री नितेश राणे के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष मोहिद फरगानी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति महोदया एवं भारतीय चुनाव आयोग को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और यूथ इकाई के सदस्य मौजूद रहे। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे ने AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ अभद्र, अशोभनीय और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया है, जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है।
जिला अध्यक्ष मोहिद फरगानी ने कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठे मंत्री द्वारा इस प्रकार की बयानबाजी समाज में नफरत फैलाने का कार्य करती है और इससे देश की गंगा-जमुनी तहजीब को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंचों से भड़काऊ और विवादित बयान देने वाले नेताओं पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई जनप्रतिनिधि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल न कर सके।
ज्ञापन में मांग की गई कि नितेश राणे को तत्काल महाराष्ट्र सरकार के मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए और उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त की जाए। साथ ही उनके खिलाफ UAPA के तहत मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। AIMIM नेताओं ने कहा कि पार्टी हमेशा संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और किसी भी धर्म, समुदाय या नेता के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन चलाने को मजबूर होगी।
प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महताब चौहान के निर्देश पर ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष रियासत अंसारी, यूथ अध्यक्ष मुजाहिद पठान, जिला एवं महानगर इकाई के पदाधिकारी, पश्चिमी उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0