सुल्तानपुर: इलाज के दौरान आरक्षी कपिल दूबे का निधन, पैतृक गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम
सुल्तानपुर के मढहा गांव निवासी और सीतापुर में तैनात आरक्षी कपिल दूबे की लखनऊ पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धांजलि दी।
- सीतापुर में तैनात सुल्तानपुर निवासी सिपाही की पीजीआई लखनऊ में उपचार के दौरान मौत, पुलिस अधिकारियों ने दी अंतिम विदाई
सुल्तानपुर, अचल वार्ता। कुड़वार थाना क्षेत्र के मढहा गांव निवासी आरक्षी कपिल दूबे (35) की इलाज के दौरान मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र और पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार मढहा गांव निवासी कपिल दूबे सीतापुर जिले के तंबौर थाने की दलपतपुर चौकी पर आरक्षी पद पर तैनात थे। परिजनों के मुताबिक 21 मार्च को अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ स्थित पीजीआई अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां कई दिनों तक इलाज चलने के बाद गुरुवार को उनका निधन हो गया।
शुक्रवार को जब उनका शव पैतृक गांव मढहा पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
इस दौरान सीओ सिटी सौरभ सामंत और कुड़वार थानाध्यक्ष तरुण पटेल भी मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया और पुलिस टीम के साथ आरक्षी कपिल दूबे के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी।
बताया जा रहा है कि आरक्षी कपिल दूबे अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
- श्रवण शर्मा
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0