बिजनौर::शिक्षकों की समस्याओं में साथ खड़ी रहेगी भाकियू : राकेश टिकैत

बिजनौर में शिक्षा उन्नयन गोष्ठी एवं उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान समारोह में राकेश टिकैत ने शिक्षकों की समस्याओं में साथ देने का भरोसा दिया। 126 शिक्षक-शिक्षिकाएं सम्मानित हुए और 275 ने सहभागिता की।

Nov 28, 2026 - 21:31
 0  2
बिजनौर::शिक्षकों की समस्याओं में साथ खड़ी रहेगी भाकियू : राकेश टिकैत
  • 126 उत्कृष्ट शिक्षक-शिक्षिकाएं सम्मानित, 275 ने की सहभागिता सौरभ चौधरी की थपथपाई पीठ, अमरोहा के पुरुजित सिंह को सौंपी पश्चिमी यूपी की जिम्मेदारी

बिजनौर, अचल वार्ता। बेसिक शिक्षा के उन्नयन और शिक्षकों की समस्याओं को लेकर शनिवार को जजी रोड स्थित शहनाई बैंक्वेट हॉल में शिक्षा उन्नयन गोष्ठी एवं उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने शिक्षकों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए भाकियू हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कार्यक्रम के संयोजक सौरभ चौधरी के प्रयासों की सराहना करते हुए उनकी पीठ थपथपाई। वहीं, अमरोहा के पुरुजीत सिंह को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई।

समारोह में मुख्य अतिथि चौधरी राकेश टिकैत ने विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 126 शिक्षक शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर शिक्षक-शिक्षिकाएं गौरवान्वित नजर आए। कार्यक्रम में 275 शिक्षक शिक्षिकाओं ने सहभागिता की तथा काफी संख्या में भाकियू के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में राकेश टिकैत ने कहा कि शिक्षक समाज और देश का भविष्य संवारने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। शिक्षकों के सामने आने वाली समस्याओं को भारतीय किसान यूनियन प्रमुखता से उठाएगी। बिजनौर ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में भाकियू शिक्षकों के साथ खड़ी है। जब भी शिक्षकों के सामने कोई समस्या आएगी तो वह स्वयं, संगठन के पदाधिकारी और किसान साथी मौके पर पहुंचकर उनका साथ देंगे।

उन्होंने शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति जिस विद्यालय में भी हो, वहां अपने नाम से एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल करे।

- अनिल प्रजापति 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0