पीलीभीत : शौच के लिए गई बुजुर्ग महिला को उठा ले गया बाघ, खेत में क्षत-विक्षत मिला शव
- वन विभाग ने हमले से किया इंकार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पीलीभीत, अचल वार्ता। बुधवार सुबह दर्दनाक घटना सामने आई। घर से खेतों की ओर शौच के लिए गई 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बाघ जंगल की ओर उठा ले गया। कई घंटे बाद उसका क्षत-विक्षत शव खेत से कुछ दूरी पर जंगल किनारे बरामद हुआ। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार न्यूरिया थाना क्षेत्र के महोफ निवासी पार्वती देवी (65) पत्नी सुखुमार राय सुबह खेतों की ओर गई थीं। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान खेत से करीब 60 मीटर दूर जंगल क्षेत्र में उनका शव पड़ा मिला। शव की स्थिति देख ग्रामीणों ने बाघ के हमले की आशंका जताई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बाघ की गतिविधि देखी जा रही थी और इसकी सूचना वन विभाग को दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
वहीं वन विभाग के अधिकारियों ने बाघ के हमले की पुष्टि से इंकार करते हुए कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और बाघ को पकड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
- शैलेन्द्र शर्मा
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0