पीलीभीत : मेहनत का मिलेगा इनाम: बेहतर उत्पादन और भुगतान पर सरकार देगी पुरस्कार

Mar 27, 2026 - 21:58
 0  0
पीलीभीत : मेहनत का मिलेगा इनाम: बेहतर उत्पादन और भुगतान पर सरकार देगी पुरस्कार

पीलीभीत, अचल वार्ता। सहकारी गन्ना विकास समिति, पीलीभीत में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत एक दिवसीय गन्ना किसान गोष्ठी का सफल आयोजन किया गया।

  कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (गन्ना एवं चीनी मिलें) संजय सिंह गंगवार उपस्थित रहे।अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि प्रदेश में सर्वाधिक गन्ना उत्पादन करने वाले प्रगतिशील किसानों को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, सर्वश्रेष्ठ गन्ना मूल्य भुगतान करने वाली चीनी मिलों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। 

 उन्होंने गन्ना विकास परिषद, पीलीभीत के नव-निर्मित भवन का लोकार्पण करते हुए कहा कि आज का किसान तकनीकी रूप से सशक्त और स्मार्ट हो चुका है, जिसे मोबाइल के माध्यम से एक क्लिक पर आवश्यक सूचनाएं मिल रही हैं।उपगन्ना आयुक्त बरेली राजेश मिश्रा ने बताया कि पूरे मंडल में गुणवत्तापूर्ण गन्ना बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा किसानों को समय से गन्ना पर्चियां दी जा रही हैं। उन्होंने किसानों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए गन्ना समितियों से जुड़े रहने की अपील की।

  कृषि विज्ञान केंद्र, पीलीभीत के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एस.एस. ढाका ने बताया कि गन्ना बुवाई से पहले बीज का कवकनाशी से उपचार करना जरूरी है, जिससे फसल स्वस्थ रहती है और उत्पादन बेहतर होता है।

  प्रभारी उद्यान अधिकारी आर.डी. गंगवार ने ड्रिप सिंचाई प्रणाली की जानकारी देते हुए कहा कि इससे 80-85 प्रतिशत तक पानी की बचत संभव है और उत्पादकता भी बढ़ती है। सहकारी गन्ना समिति, पीलीभीत के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गोष्ठियां किसानों को नई तकनीकों और योजनाओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभाती हैं।

  प्रगतिशील किसान डॉ. हरमीत सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सही प्रबंधन से 5-6 पेड़ी तक गन्ना उत्पादन लिया जा सकता है।कार्यक्रम के अंत में जिला गन्ना अधिकारी खुशी राम भार्गव ने कहा कि वैज्ञानिकों और किसानों के बीच हुआ संवाद निश्चित रूप से लाभकारी रहेगा और इससे उत्पादन व गुणवत्ता में सुधार होगा।

इस अवसर पर रामभद्र द्विवेदी, मनोज साहू, राजेश कुमार, संजय श्रीवास्तव, प्रदीप अग्निहोत्री सहित बड़ी संख्या में किसान और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। 

- शैलेन्द्र शर्मा 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0