पीलीभीत: वृद्ध महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Feb 15, 2026 - 21:22
 0  1
पीलीभीत: वृद्ध महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

पीलीभीत, अचल वार्ता। थाना हजारा क्षेत्र के ग्राम सिद्धनगर (टिब्भा) में 65 वर्षीय कमलजीत कौर पत्नी बावा सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से गांव में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

  जानकारी के अनुसार कमलजीत कौर अपनी बेटी और दामाद के साथ घर में रहती थीं। रविवार रात बेटी और दामाद गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। बताया जा रहा है कि उस दौरान महिला घर में अकेली थीं। देर रात जब दोनों वापस लौटे तो कमलजीत कौर चारपाई पर अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। काफी आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पास जाकर देखने पर वह मृत अवस्था में थीं।

  घटना की सूचना तत्काल थाना हजारा पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

 परिजनों का आरोप है कि महिला पूरी तरह स्वस्थ थीं और अचानक इस तरह मृत्यु होना संदेह पैदा करता है। उनका कहना है कि यह स्वाभाविक मौत नहीं, बल्कि हत्या का मामला हो सकता है। परिजनों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तहरीर देने की बात कही है।

  थाना हजारा पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि परिजन लिखित शिकायत देते हैं तो मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

 - ब्यूरो रिपोर्ट 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0