सोनीपत। गांव सनपेड़ा से शनिवार सुबह बेहद दर्दनाक खबर सामने आई। यमुना नदी में नहाने गए दो सगे भाई गहरे पानी में डूब गए। हादसे के बाद प्रशासन और बचाव टीमों ने दोनों भाइयों की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया, लेकिन देर तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
जानकारी के अनुसार गांव सनपेड़ा निवासी 15 वर्षीय सत्यम और 17 वर्षीय शिवम पुत्र रविंद्र अपने साथी प्रिंस के साथ शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे यमुना घाट पर नहाने गए थे। नहाते समय सत्यम और शिवम अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते दोनों डूब गए। साथी प्रिंस ने घटना की सूचना आसपास के लोगों और परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही प्रशासन को अवगत कराया गया। इसके बाद बचाव दल ने यमुना नदी में दोनों भाइयों की तलाश शुरू की। टीमें लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। एक साथ दो बेटों के यमुना में डूबने की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे दोनों भाइयों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। फिलहाल दोनों की तलाश लगातार जारी है।