अयोध्या: खण्डासा चौकी इंचार्ज ने पेश की संवेदनशीलता की मिसाल, गौरैया के लिए बंद किया पंखा, गर्मी में सुन रहे फरियाद
अयोध्या, अचल वार्ता। भीषण गर्मी के बीच मानवता और प्रकृति प्रेम की अनूठी मिसाल खण्डासा पुलिस चौकी में देखने को मिल रही है। यहां चौकी इंचार्ज बृजेंद्र मिश्रा चिलचिलाती गर्मी में पंखा बंद कर फरियादियों की शिकायतें सुन रहे हैं, ताकि चौकी परिसर में घोंसला बनाकर रह रही गौरैया और उसके बच्चों को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, खण्डासा पुलिस चौकी के झरोखे में एक गौरैया ने घोंसला बना रखा है, जहां उसके नन्हे बच्चे भी मौजूद हैं। गौरैया का लगातार आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में पंखा चलने से पक्षियों के घायल होने की आशंका को देखते हुए चौकी इंचार्ज बृजेंद्र मिश्रा ने पंखा बंद रखने का फैसला किया और स्वयं गर्मी में बैठकर फरियादियों की समस्याएं सुननी शुरू कर दीं।
मई माह की भीषण गर्मी में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है। ऐसे समय में जहां लोग पंखे और कूलर का सहारा ले रहे हैं, वहीं चौकी इंचार्ज का यह संवेदनशील कदम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने उनके इस कार्य की सराहना करते हुए इसे पुलिस की सकारात्मक और मानवीय छवि का उदाहरण बताया है।
वहीं पक्षी प्रेमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के कारण गौरैया जैसी प्रजातियों को सुरक्षित स्थान मिलना मुश्किल होता जा रहा है। ऐसे में पुलिस अधिकारी का यह कदम पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का प्रेरणादायक संदेश देता है।
खण्डासा चौकी इंचार्ज का यह प्रयास यह साबित करता है कि कर्तव्य पालन के साथ-साथ प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति करुणा भी उतनी ही आवश्यक है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0