लखीमपुर खीरी: साल से बदहाल सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, 2027 चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। बेदाखेड़ा से मझिगवां तक करीब 5 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग की बदहाली अब राजनीतिक मुद्दा बनती जा रही है। आठ वर्षों से सड़क निर्माण के नाम पर सिर्फ आश्वासन मिलने से ग्रामीणों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया है। क्षेत्रवासियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो 2027 विधानसभा चुनाव का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। मुंडा विष्णु के खेल मैदान में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर जमकर हमला बोला।
लोगों ने आरोप लगाया कि हर बार आंदोलन उठने पर “बजट स्वीकृत”, “टेंडर प्रक्रिया जारी” और “जल्द निर्माण” जैसे दावे कर जनता को शांत करा दिया जाता है, लेकिन हकीकत में सड़क आज भी खस्ताहाल पड़ी है। ग्रामीणों ने कहा कि वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान भी सड़क निर्माण को लेकर चुनाव बहिष्कार का निर्णय लिया गया था। उस समय मंडी परिषद उत्तर प्रदेश के सचिव द्वारा लिखित आश्वासन देकर ग्रामीणों को मनाया गया, लेकिन दो साल बीतने के बाद भी सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ। इससे जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। स्कूली बच्चों को महज 5 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए करीब 10 किलोमीटर घूमकर जाना पड़ता है। किसान, मजदूर और मरीज तक इस जर्जर मार्ग के कारण भारी परेशानियां झेल रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासनिक उदासीनता को जनता के साथ विश्वासघात बताते हुए गांधीजी के असहयोग आंदोलन की तर्ज पर सरकारी कार्यों के बहिष्कार की चेतावनी दी।
यहां तक कि जनगणना जैसे सरकारी कार्यों में सहयोग न करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से 24 मई को विशाल महापंचायत बुलाने का फैसला लिया गया, जिसमें हजारों ग्रामीण शामिल होंगे। महापंचायत में 2027 विधानसभा चुनाव बहिष्कार और बड़े जनआंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।
ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, सड़क चाहिए। यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन निर्णायक रूप लेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। बैठक में संदीप वर्मा, पुष्पेंद्र, निलेश, कैलाश, मोहम्मद अशफाक, संजय, रामकुमार, रामेश्वर प्रसाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0