लखीमपुर खीरी: 65 मीटर सड़क के लिए वर्षों से संघर्ष, ग्राम हरैया के ग्रामीणों में आक्रोश
लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच जनपद के नकहा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम हरैया की हकीकत बेहद शर्मनाक तस्वीर पेश कर रही है। गांव में मात्र 65 मीटर कच्चे रास्ते की समस्या ने करीब 100 परिवारों का जीवन नरक बना दिया है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी शिकायतों के बाद भी आंखें मूंदे बैठे हैं। ग्रामीण उदय प्रकाश पांडे ने बताया कि उनके घर तक जाने वाला रास्ता पूरी तरह कच्चा है। बारिश होते ही रास्ते और घर के मुख्य द्वार पर जलभराव हो जाता है, जिससे मकान गिरने का खतरा बना रहता है। कीचड़ और गंदगी के चलते परिवार के लोग रोजाना फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी,
जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री पोर्टल तक शिकायतें भेजी गईं, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि जब चुनाव आते हैं तो नेता विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि गांव के लोग आज भी बुनियादी सड़क सुविधा के लिए तरस रहे हैं।
लोगों ने प्रशासन से तत्काल इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0