दुकान में घुसकर दबंगों का तांडव, पुलिस बनी मूकदर्शक

Mar 23, 2026 - 17:27
Mar 24, 2026 - 12:10
 0  11

दुकान में घुसकर दबंगों का तांडव, पुलिस बनी मूकदर्शक

वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप -

लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता। कोतवाली सदर क्षेत्र के महेवागंज इलाके में दबंगों की खुलेआम गुंडई का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दिनदहाड़े एक दुकानदार को उसकी ही दुकान में घुसकर बेरहमी से पीटा गया। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद पुलिस मूकदर्शक बनी रही और एक भी आरोपी को पकड़ने में नाकाम रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सिसौना निवासी आजाद पुत्र इसहाक अपनी दुकान पर काम कर रहे थे, तभी अचानक ओदरहना निवासी फुरकान, नईम और सोनू अपने साथियों के साथ दुकान में घुस आए और बिना किसी बात के मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने आजाद को दुकान से बाहर खींचकर लात-घूंसों और डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी आरोपियों ने आजाद का रास्ता रोककर धमकाया था, और अगले ही दिन इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के दौरान आसपास के लोग शोर सुनकर मौके पर पहुंचे, तब जाकर किसी तरह पीड़ित की जान बच सकी। चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के समय महेवागंज पुलिस भी मौके पर मौजूद थी, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय तमाशबीन बनी रही। मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दबंग खुलेआम मारपीट कर रहे हैं और पुलिस की मौजूदगी के बावजूद उन्हें रोकने की कोई ठोस कोशिश नहीं की गई। अब सवाल यह उठता है कि जब पुलिस की मौजूदगी में ही कानून का इस तरह खुलेआम मखौल उड़ाया जाएगा, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी? फिलहाल पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।

अब देखना यह है कि वायरल वीडियो के बाद पुलिस जागती है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0