लखीमपुर खीरी : बेला तुरसिया हादसा: छह परिवारों को 2-2 लाख की मदद

Aug 21, 2026 - 20:11
 0  2
लखीमपुर खीरी : बेला तुरसिया हादसा: छह परिवारों को 2-2 लाख की मदद

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। मध्य प्रदेश के भिंड में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने मोहम्मदी क्षेत्र के बेला तुरसिया गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। शुक्रवार को गांव में हर तरफ मातम और अपनों को खोने का दर्द नजर आया। इसी बीच विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह, डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसडीएम राजेश प्रताप सिंह, सीओ अरुण कुमार सिंह पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे। परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

छह परिवारों को दो-दो लाख की तत्काल मदद

मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दो-दो लाख रुपये की सहायता के चेक सौंपे गए। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि यह ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं, लेकिन संकट की इस घड़ी में प्रशासन पूरी मजबूती के साथ परिवारों के साथ खड़ा है। मा.मुख्यमंत्री के निर्देश पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई है। छह परिवारों के खातों में राशि पहुंच चुकी है, जबकि दिवंगत भूरे लाल और सर्वेश कुमार के परिजनों के खातों में तकनीकी दिक्कत के कारण राशि नहीं पहुंच सकी है। इसे दूर कर सोमवार तक सहायता उपलब्ध करा दी जाएगी।

पांच लाख की अतिरिक्त सहायता भी मिलेगी

डीएम ने बताया कि मृतकों के परिवारों को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत अतिरिक्त सहायता दिलाई जाएगी। साथ ही घायल लोगों के बेहतर उपचार के लिए संबंधित जिलों के अधिकारियों से लगातार समन्वय किया जा रहा है।

आवास से पेंशन तक, योजनाओं का मिलेगा सहारा

विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 1.20 लाख रुपये और 90 दिन की मजदूरी, पारिवारिक लाभ योजना में 30 हजार रुपये तथा सीएम बाल सेवा योजना के तहत बच्चों को 2,500 रुपये प्रतिमाह प्रति बच्चा सहायता मिलेगी। निराश्रित महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन, शौचालय के लिए 12 हजार रुपये तथा पात्र परिवारों के राशन कार्ड बनवाकर अंत्योदय योजना से जोड़ा जाएगा। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि दुख के इस समय में पीड़ित परिवारों को सरकारी योजनाओं के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारी स्वयं गांव पहुंचकर आवश्यक ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कराएं और पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता पर दिलाएं। इस दौरान प्रशासनिक एवं राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0