अयोध्या में बेकाबू आस्था रथ पलटा, दो श्रद्धालुओं के पैर टूटे, कई गंभीर घायल
अयोध्या के धर्मपथ पर बेकाबू आस्था रथ पलटने से दो श्रद्धालुओं के पैर टूटे और कई घायल हो गए। हादसे का वीडियो वायरल, बिना फिटनेस व बीमा चल रहे वाहनों पर उठे सवाल।
- धर्मपथ पर हुए हादसे का वीडियो वायरल, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
अयोध्या, अचल वार्ता। रामनगरी अयोध्या के धर्मपथ पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित आस्था रथ डिवाइडर से टकराकर पलट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हादसे में दो श्रद्धालुओं के पैर टूटे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना में दो श्रद्धालुओं के पैर टूट गए, जबकि कई अन्य रामभक्त गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल श्रीराम अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
आरोप: बिना फिटनेस और बीमा के दौड़ रहे आस्था रथ
इस घटना के बाद अयोध्या की सड़कों पर चल रहे आस्था रथों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों का आरोप है कि
- अधिकांश आस्था रथों के पास वैध फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं है
- बीमा भी नहीं कराया गया
नियमों को ताक पर रखकर ये वाहन रामपथ, धर्मपथ और भक्ति पथ जैसे प्रमुख मार्गों पर दौड़ रहे हैं
जाम और दुर्घटनाओं का बन चुके हैं कारण
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बेतरतीब खड़े और अनियंत्रित रूप से चल रहे आस्था रथ अक्सर जाम और दुर्घटनाओं की वजह बनते हैं। ई-रिक्शा चालकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
वायरल वीडियो ने खोली पोल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो ने साफ कर दिया है कि बिना पंजीकरण और सुरक्षा मानकों के चल रहे ये वाहन श्रद्धालुओं की जान के लिए बड़ा खतरा बन चुके हैं। अब सवाल यह है कि
- क्या इस हादसे के बाद प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा
- या फिर किसी और बड़ी दुर्घटना का इंतजार किया जाएगा?
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0