अम्बेडकर नगर: हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में रमाबाई राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन
अम्बेडकर नगर,अचल वार्ता । रमाबाई राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अकबरपुर, अम्बेडकर नगर में हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में महाविद्यालय के हिन्दी विभाग के तत्त्वावधान में "वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में हिन्दी की दशा और दिशा" विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें महाविद्यालय की छात्राओं में बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया ।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के संरक्षक एवं यशस्वी प्राचार्य प्रो. अरविंद कुमार वर्मा व समस्त प्राध्यापकों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया गया। भाषण प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा हिन्दी भाषा के महत्व, वर्तमान प्रासंगिकता एवं विभिन्न क्षेत्रों में उसकी उपयोगिता पर अपने विचार व्यक्त किए। भाषण प्रतियोगिता में स्वाति पाण्डेय बी.एससी. प्रथम ने प्रथम, मानसी वर्मा एम.ए. प्रथम ने द्वितीय तथा प्रीति बी.ए. प्रथम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मण्डल में प्रो. नंदन सिंह, डॉ. विद्याधर मिश्र एवं डॉ. संगीता ने अपनी भूमिका का निर्वहन किया ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं इतिहास विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रवीन्द्र कुमार वर्मा ने “हिन्दी में रोजगार के अवसर” विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने हिन्दी के माध्यम से शिक्षण, पत्रकारिता, अनुवाद, लेखन, डिजिटल मीडिया तथा अन्य क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही समाजशास्त्र विभाग की प्राध्यापिका सीता पाण्डेय ने 'हिन्दी में रोजगार के अवसर' विषय पर अपने विचार साझा किए ।
उन्होंने अपने वक्तव्य में बताया कि आज के वैश्विक परिदृश्य में हिन्दी का निरंतर विस्तार हो रहा है । उन्होंने वैश्वीकरण के दौर में हिन्दी की प्रासंगिकता एवं उपयोगिता पर अपने विस्तृत विचार व्यक्त किये ।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरविंद कुमार वर्मा ने हिन्दी के महत्व पर प्रकाश डाला तथा छात्राओं को हिन्दी भाषा के अध्ययन के साथ-साथ रोजगारपरक कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन हिन्दी विभाग की प्राध्यापक डॉ. बीना यादव ने किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में हिन्दी भाषा के प्रति रुचि एवं सम्मान विकसित करने के साथ-साथ हिन्दी की समकालीन उपयोगिता और रोजगार की संभावनाओं के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा । कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के हिन्दी विभाग के अध्यक्ष प्रो. अरुण कुमार ने समस्त प्राध्यापकों एवं उपस्थित समस्त छात्राओं का आभार ज्ञापित किया ।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रोफेसर अरुण कान्त गौतम, सीमा यादव, डॉ0 स्तुति वर्मा, डॉ. महेन्द्र यादव, डॉ. सतीश , डॉ. भानु प्रताप राय, डॉ. वैलेंतिना प्रिया , डॉ. सुनीता सिंह, डॉ. मनोज गुप्ता एवं महाविद्यालय के अन्य समस्त प्राध्यापक , कर्मचारी तथा महाविद्यालय की छात्राएँ उपस्थित रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0