अम्बेडकर नगर: कृषि मंत्री ने औरंगानगर साधन सहकारी समिति का किया निरीक्षण, किसानों से ली खाद वितरण की जानकारी
अम्बेडकरनगर, अचल वार्ता। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मंगलवार को जनपद भ्रमण के दौरान साधन सहकारी समिति, औरंगानगर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्धारित मूल्य पर किसानों को यूरिया वितरण की व्यवस्था का जायजा लिया तथा वितरण रजिस्टर में दर्ज किसानों से फोन पर बातचीत कर खाद उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के समय तीन किसान निर्धारित मूल्य पर यूरिया खरीदते मिले। मंत्री ने वितरण रजिस्टर में दर्ज किसान रामचेत, फूलचन्द्र, हरिप्रसाद, रामजगत, अनिल कुमार और भीष्म द्विवेदी से फोन पर फीडबैक लेकर वितरण व्यवस्था की पुष्टि की। इसके बाद कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा खाद-बीज की उपलब्धता की समीक्षा की गई। समीक्षा में बताया गया कि जनपद में यूरिया, डीएपी, एनपीके और एसएसपी उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। विभाग के अनुसार जून माह तक निर्धारित लक्ष्य से अधिक मात्रा में उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण सुनिश्चित किया गया है। वर्तमान में सहकारी एवं निजी क्षेत्र में किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हैं तथा उर्वरक प्राप्त करने के लिए किसान रजिस्ट्री अनिवार्य है।
बैठक में बताया गया कि जनपद में धान, उड़द, अरहर एवं ढैंचा के बीजों का वितरण किसानों को किया गया है। इसके अलावा श्री अन्न, दलहन एवं तिलहन के मिनीकिट भी वितरित किए गए हैं। कृषि विभाग ने किसानों से वर्षा की संभावित कमी को देखते हुए धान का रकबा कम कर मोटे अनाज एवं दलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देने की अपील की।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि उर्वरकों से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में उर्वरक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसान हेल्पलाइन नंबर 9455485475 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0