लखीमपुर खीरी : फरधान में बढ़ते अपराधों से पुलिस गश्त पर सवाल ?
लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता। फरधान थाना क्षेत्र में सामने आई लगातार घटनाओं ने इलाके की कानून-व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कहीं स्कूल के सामने नाबालिग छात्र से मारपीट कर उसे कथित रूप से जबरन साथ ले जाने का आरोप है, तो कहीं एक ही रात में कई घरों में चोरी ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी। दूसरी ओर तीन अगस्त से लापता ई-रिक्शा चालक बिनीत कुमार का शव मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई और जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। घटनाएं अलग-अलग हैं, लेकिन इन सभी ने फरधान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को सवालों के घेरे में ला दिया है।
स्कूल के सामने नाबालिग से मारपीट, जबरन साथ ले जाने का आरोप
जिला पंचायत इंटर कॉलेज कालाआम के सामने स्कूल की छुट्टी के समय नाबालिग छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया। आरोप है कि छात्र को स्कूटी पर बैठाने से इनकार करने को लेकर एक युवक से उसकी कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर युवक ने कथित रूप से छात्र के साथ मारपीट की और बाद में उसे जबरन अपने साथ ले गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित गाली-गलौज सुनाई दे रही है। सूचना के बाद पुलिस जांच में जुटी है। सवाल यह है कि स्कूल की छुट्टी के समय जब बच्चों की भीड़ सड़क पर होती है, तब कॉलेज के सामने ऐसी घटना आखिर कैसे हो गई? अभिभावकों के लिए यह घटना महज मारपीट नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता का विषय है।
एक ही रात में घर-घर दस्तक देते रहे चोर
इधर ग्राम पंचायत कोढ़ैय्या में एक ही रात में चोरी की कई घटनाओं ने पुलिस गश्त की पोल खोलने जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। दुर्गेश पुत्र कामता प्रसाद के घर से चोर घर में खड़ी बाइक चोरी कर ले गए । कैमासुर निवासी ब्रजराज पुत्र स्वामी दयाल के घर में भी चोर पीछे के रास्ते से घुसे, लेकिन आहट पाकर परिजन जाग गए तो चोर भाग निकले।
वहीं रामगनेश पुत्र महादेव प्रसाद के घर में चोरों ने बच्चे की मिट्टी की गुल्लक तक नहीं छोड़ी। गुल्लक तोड़कर उसमें रखे करीब तीन-चार हजार रुपये निकालने के बाद अलमारी तोड़कर करीब 15 हजार रुपये नकद और पायल, माला, झुमकी, मांग-बिंदी समेत जेवरात चोरी कर लिए गए।
जब एक ही रात में चोर लगातार घरों को निशाना बना रहे थे, तब पुलिस की रात्रि गश्त किस दिशा में थी? ग्रामीणों का यही सवाल अब सबसे बड़ा सवाल बन गया है। गांवों में चोरी की घटनाएं बढ़ती हैं तो लोगों का पुलिस पर भरोसा प्रभावित होना स्वाभाविक है।
लापता बिनीत की मौत ने जांच पर भी उठाए सवाल
इन घटनाओं के बीच फरधान क्षेत्र में बिनीत कुमार की मौत का मामला सबसे ज्यादा गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। 3 अगस्त से लापता 30 वर्षीय ई-रिक्शा चालक का शव शनिवार देर रात आमानलाला गांव के पास नहर पटरी की खंती से बरामद हुआ। परिजनों ने दाहिने हाथ की दो उंगलियों के आधार पर शव की पहचान की। अगर सन ,1993 में रिलीज फिल्म मुकाबला में शैतान चौकी और काला चौकी की तरह सदर कोतवाली व फरधान थाना जैसा खेल न होता तो सायद विनीत आज अपने परिवार की के साथ होता। परिजनों का आरोप है कि शव मिलने के बाद उन्हें तत्काल सूचना नहीं दी गई। उन्होंने शव की पहचान और सील करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया। परिजन चाहते हैं कि जिन युवकों की निशानदेही पर शव मिलने की बात सामने आई है, उनसे आमना-सामना कराया जाए और मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाए। बताया गया कि बिनीत की गुमशुदगी फरधान थाने में दर्ज थी और बाद में परिजनों की मांग पर सदर कोतवाली में अपहरण का मुकदमा भी दर्ज किया गया। पुलिस ने देविरया गांव के दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
अब जवाबदेही का वक्त
तीनों मामलों में पुलिस की जांच महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी बड़ा सवाल पुलिस की सक्रियता और जवाबदेही का है। स्कूल के सामने नाबालिक की सुरक्षा, गांवों में रात के समय पुलिस गश्त और लापता व्यक्ति की तलाश—तीनों मामलों ने अलग-अलग स्तर पर व्यवस्था को कठघरे में खड़ा किया है।
ग्रामीणों को सिर्फ जांच का आश्वासन नहीं, परिणाम चाहिए। चोरी के मामलों में चोरों की गिरफ्तारी और माल बरामदगी, नाबालिक से मारपीट मामले में आरोपों की निष्पक्ष जांच और बिनीत की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ हर संदिग्ध पहलू की पड़ताल—इन्हीं कदमों से पुलिस पर उठ रहे सवालों का जवाब मिल सकेगा।
फिलहाल फरधान क्षेत्र में लोगों के बीच यही चर्चा है कि अगर पुलिस व्यवस्था सक्रिय है तो अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं? और अगर घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं तो रोकथाम के लिए ठोस कार्रवाई कब दिखाई देगी ?
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0