चमोली : हाईवे से हटेगा अतिक्रमण

Aug 6, 2026 - 17:34
 0  0
चमोली : हाईवे से हटेगा अतिक्रमण

चमोली , अचल वार्ता । जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला सभागार, गोपेश्वर में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सुओ मोटो याचिका के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण हटाने संबंधी जारी निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करना तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करना था।

बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में एनएच-107ए, एनएच-109, एनएच-07 (75 आरसीसी), एनएच-07 (एनएचआईडीसीएल), एनएच-109के तथा एनएच-107बी सहित कुल छह राष्ट्रीय राजमार्ग हैं। इन राष्ट्रीय राजमार्गों पर अब तक कुल 359 अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 92 अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं, जबकि शेष 267 अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई नियमानुसार जारी है।

जिलाधिकारी ने सभी सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण एजेंसियों को निर्देशित किया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप राष्ट्रीय राजमार्गों पर चिन्हित सभी अतिक्रमणों को निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए शीघ्र हटाया जाए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने का कार्य विशेष अभियान के रूप में संचालित किया जाए तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे अवैध पार्किंग पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश देते हुए हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स को नियमित फील्ड निरीक्षण बढ़ाने तथा अतिक्रमण की स्थिति पर सतत निगरानी रखने को कहा। साथ ही नगर पालिका क्षेत्रों में भी राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे नए अतिक्रमण न होने देने के लिए संबंधित निकायों एवं विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों से अपनी-अपनी परिसंपत्तियों एवं भूमि पर हुए अतिक्रमण का चिन्हीकरण कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर वर्तमान में अतिक्रमण नहीं है, वहां भविष्य में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने देना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी होगी।

बैठक में सड़क सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय एवं अन्य प्रमुख मार्गों पर आवश्यकतानुसार दिशा-सूचक संकेतक (साइनेज), चेतावनी बोर्ड, क्रैश बैरियर, रिफ्लेक्टिव टेप तथा अन्य सड़क सुरक्षा संबंधी संरचनाओं की स्थापना एवं अनुरक्षण समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव पाल, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट सहित परिवहन विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0